🔳 मुख्य मेले से दो दिन पहले सख्ती से लोग दिखे परेशान
🔳 जगह जगह वाहनों व पर्यटकों को रोके जाने से होम स्टे संचालकों की बुकिंग हुई कैंसिल
🔳 सब्जी व फल कारोबारियों भी हुए मायूस
🔳 हाईवे पर स्थित तमाम बाजार क्षेत्रों में पसरा सन्नाटा
🔳 एसएसपी बोले – समग्र यातायात व भीड़ प्रबंधन को उठाए गए हैं कदम
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
विभिन्न राज्यों से बाबा नींब करौरी के धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मुख्य मेले से दो दिन पहले ही पुलिस की व्यवस्था का खामियाजा भुगतना पड़ा। तमाम श्रद्धालुओं को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से मंदिर तक कई किमी पैदल दूरी नापने को मजबूर होना पड़ा। श्रद्धालुओं के न पहुंचने से होम स्टे संचालकों को भी नुकसान पहुंचा वहीं पहाड़ से हल्द्वानी समेत अन्य मंडियों को भेजें जाने वाली सब्जियां व फल तक गरमपानी खैरना क्षेत्र में फंसे रहे।
सुप्रसिद्ध कैंची धाम में स्थित नींब करौरी आश्रम के 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर पुलिस के शनिवार से ही सख्त रवैया अपना लेने से श्रद्धालुओं को तमाम परेशानियों का सामना करने को मजबूर होना पड़ा। कई किमी पहले ही रोक लिए जाने से श्रद्धालु पैदल ही आश्रम तक पहुंचे। पुलिस की व्यवस्था के खिलाफ श्रद्धालुओं ने गहरी नाराजगी भी जताई वहीं भवाली व खैरना क्षेत्र से ही वाहनों को रोक दिए जाने से कई पर्यटक व श्रद्धालु पूर्व से बुकिंग किए गए होम स्टे तक नहीं पहुंच पाए। बुकिंग कैंसिल होने से संचालकों को नुकसान उठाना पड़ा। वाहनों का संचालन न होने से खैरना, गरमपानी, रातीघाट, लोहाली, चमड़ियां, भुजान, पातली समेत तमाम बाजार क्षेत्रों में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। आसपास के गांवों से हल्द्वानी, दिल्ली समेत अन्य मंडियों को भेजें जाने वाले फल व सब्जियां भी गरमपानी क्षेत्र में फंसीं रही। सब्जी व फल कारोबारियों ने भी व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजूनाथ टीसी के अनुसार 13,14,15,16 जून को समग्र यातायात व भीड़ प्रबंधन का प्लान है। लगातार प्रचार प्रसार किया गया है। स्थानीय लोगों के वाहन भेजे जा रहे हैं। सब्जी के वाहन रात को आवाजाही करेंगे। फोरेस्ट बैरियर तथा पनीराम ढाबे तक जीरो जोन रहेगा। इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
