🔳 मथुरा व वृंदावन से पहुंचेगा विशेष कारीगरों का दल
🔳 12 से 15 जून तक रात दिन बनाया जाएगा प्रसाद
🔳 स्थापना दिवस पर ढाई लाख से अधिक बाबा भक्तों के पहुंचने की उम्मीद
🔳 साढ़े तीन सौ से अधिक कारसेवक करेंगे प्रसाद वितरण
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुप्रसिद्ध कैंची धाम स्थित बाबा नींब करौरी आश्रम में पंद्रह जून को स्थापना दिवस की तैयारियां तेज हो गई है। इस वर्ष दो लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मथुरा व वृंदावन से पहुंचने वाले विशेष कारीगर 12 जून से मालपुआ प्रसाद बनाने का कार्य शुरु करेंगे। इससे पूर्व बाबा नींब करौरी के समय की लकड़ी की भट्टी की विशेष पूजा अर्चना कर अग्नि प्रज्वलित की जाएगी। साढ़े तीन सौ से अधिक कारसेवक प्रसाद वितरण व अन्य कार्यों में जुटेंगे।
सुप्रसिद्ध कैंची धाम में अब रोजाना आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। देश के अलग अलग राज्यों से हजारों भक्त बाबा के दर पर शीश झुकाने कैंची धाम पहुंच रहे हैं। स्थापना दिवस पर 15 जून को प्रतिवर्ष कैंची धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान होता है। लाखों बाबा भक्त कैंची धाम पहुंचकर मालपुए का प्रसाद पाते हैं। समय के साथ साथ अब आयोजन भव्य रुप लेने लगा है। इस वर्ष भी आगामी 15 जून को स्थापना दिवस की तैयारियां जोरशोर से शुरु कर दी गई है। लगातार बढ़ रहे बाबा भक्तों की संख्या को देख स्थापना दिवस पर भी लाखों बाबा भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है ऐसे में पुलिस प्रशासन व मंदिर प्रबंधन भी अलर्ट मोड पर है। प्रशासन व विभागीय अधिकारी एक दौर की बैठक कर व्यवस्थाओं पर मंथन भी कर चुके हैं। आश्रम परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ अनवररत जारी है। मथुरा व वृंदावन से पहुंचने वाली तीस से अधिक विशेष कारीगरों की टीम मालपुए बनाने के कार्य में जुटेगी। इससे पूर्व बाबा के समय की लकड़ी की भट्टी की विशेष पूजा अर्चना कर अग्नि प्रज्वलित की जाएगी। हनुमान व विनय चालिसा पाठ के बाद 12 जून से 15 जून तक रात दिन शुद्ध देशी घी से मालपुआ प्रसाद बनाने का कार्य किया जायेगा। आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था बनाई जाएगी। साढ़े तीन सौ से अधिक कारसेवक प्रसाद वितरण समेत अन्य जिम्मेदारी संभालेंगे। आश्रम ट्रस्ट के शैलेश साह के अनुसार तीस से अधिक विशेष कारीगरों का दल जल्द ही कैंची धाम पहुंचेगा। विशेष पूजा अर्चना के साथ मालपुए बनाने का कार्य शुरु होगा।
टैक्सी यूनियन व रोडवेज प्रबंधन भी रुपरेखा बनाने में जुटा
बाबा भक्तों को गांवों व अन्य क्षेत्रों से कैंची धाम लाने व ले जाने को टैक्सी यूनियन व रोडवेज प्रबंधन ने भी रणनीति तैयार करनी शुरु कर दी है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रोडवेज व टैक्सी वाहनों से श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचगे हालांकि अभी रुट प्लान जारी नहीं हो सका है। पुलिस प्रशासन के रुट प्लान जारी करने के बाद ही असल स्थित स्पष्ट हो सकेगी की भवाली तथा खैरना की ओर से आने वाले वाहन कहां तक श्रद्धालुओं को पहुंचाएंगे। भवाली रोडवेज डिपो के एआरएम विजय तिवारी के अनुसार फिलहाल बीस बसों के संचालन की रुपरेखा तैयार की जा रही है। टैक्सी यूनियन खैरना के अध्यक्ष प्रताप गौणी ने बताया की गरमपानी खैरना क्षेत्र से लगभग 80 टैक्सी वाहन तथा भवाली टैक्सी यूनियन अध्यक्ष किसन आजाद के अनुसार करीब 180 टैक्सी वाहनों का संचालन 15 जून के दिन किया जाएगा।
