🔳 घंटों तक आपूर्ति प्रभावित रहने से दुकानदार उठा रहे नुकसान
🔳 विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जताई नाराजगी
🔳 गरमपानी व छड़ा में पांच घंटे आपूर्ति प्रभावित रहने से क्षेत्रवासी परेशान
🔳 व्यवस्था में जल्द सुधार किए जाने की उठी पुरजोर मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
कोसी घाटी में विद्युत आपूर्ति लोगों के लिए सिरदर्द बन गई है। घंटों विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहने से व्यापारियों को सबसे अधिक नुकसान भुगतना पड़ रहा है। कभी लौपिग चौपिग तो कभी अन्य कार्यों के नाम पर घंटों बिजली कटौती से लोगों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों व व्यापारियों ने विद्युत विभाग पर जनहित से खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगाया है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों व बाजार क्षेत्रों में भीषण गर्मी के बीच लोगों को विद्युत कटौती से जूझना पड़ रहा है। बुधवार को गरमपानी व छड़ा बाजार क्षेत्र में सुबह दस बजे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। घंटों तक आपूर्ति बाधित रहने से व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। दुकानों में फ्रिज में रखा दुग्ध उत्पाद, आइस्क्रीम समेत कई खाद्य सामग्री प्रभावित हुई। दोपहर में करीब पांच घंटे बाद लगभग तीन बजे के आसपास बामुश्किल आपूर्ति सुचारु हो सकी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल तथा क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने आपूर्ति प्रभावित रहने पर गहरी नाराजगी जताई। अंदेशा जताया की क्षेत्र में कटौती कर दूसरे क्षेत्रों के आपूर्ति की जा रही है। दो टूक कहा कि उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द व्यवस्था में सुधार न हुआ तो विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। विद्युत विभाग के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार लाइन में पेड़ गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। लौपिग चौपिग कार्य के लिए रोस्टर के अनुसार ही कटौती की जा रही है।
