🔳 आए दिन पहाड़ी से पत्थरों की बरसात से दहशत में क्षेत्रवासी
🔳 पूर्व में पत्थर ले चुके जान, दुकानों व घरों को भी कर चुके क्षतिग्रस्त
🔳 बारिश व आग की घटना से कई गुना बढ़ जा रहा जोखिम
🔳 क्षेत्रवासियों ने खतरा टालने को पहाड़ी के उपचार की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र से सटी थुआ की कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी क्षेत्रवासियो के लिए बड़ी चिंता बन गई है। आए दिन पहाड़ी से गिरते पत्थरों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पहाड़ी पर आग धधकने व हल्की सी बारिश में भी पहाड़ी से पत्थर व मलबा बाजार तक पहुंच जा रहा है जिससे बड़ी अनहोनी का अंदेशा बना हुआ है‌। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के अनुसार पहाड़ी का सर्वे कर अतिसंवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर उपचार को प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
हाईवे पर बसे गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र पर थुआ की पहाड़ी से खतरा बढ़ता ही जा रहा है। समय के साथ साथ अब कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी से कई स्थानों से लगातार पत्थर व मलबा गिरने से क्षेत्रवासियों की जिंदगी पर खतरा मंडरा रहा है। बारिश तथा पहाड़ी पर आग लगने से जोखिम दोगुना बढ़ जा रहा है। पूर्व में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर मौते तक हो चुकी है वहीं कई दुकानों व आवासीय घर पत्थरों से क्षतिग्रस्त तक हो चुके हैं। लगातार खतरा बढ़ने से क्षेत्र के लोग चिंतित हैं। ग्राम प्रधान ऊषा पिनारी, प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष खैरना गजेंद्र सिंह नेगी, गरमपानी अध्यक्ष मनीष तिवारी, क्षेत्रिय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष फिरोज अहमद, गोविंद नेगी, मनोज नैनवाल, देवेश कांडपाल आदि ने कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी के उपचार को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया कि यदि समय रहते मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो भविष्य में हालात बिगड़ सकते हैं। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के अनुसार पहाड़ी पर डेंजर जोन चिह्नित ट्रिटमेंट को प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। एनएच, प्रशासन समेत अन्य विभागों के साथ तालमेल कर खतरा टालने को विशेष प्रबंध करने को कदम बढ़ाए जाएंगे।

error: Content is protected !!