🔳 बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण में भी अनियमितता आई सामने
🔳 प्रशासन की टीम ने आपातकालीन कक्ष, वार्ड, औषधि कक्ष का भी लिया जायजा
🔳 स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, जल संस्थान व विद्युत विभाग के कार्यालय में भी हुई छापेमारी
🔳 प्रशासन के एक्शन मोड में आने से कर्मचारियों में मचा हड़कंप
🔳 एसडीएम ने चेतावनी जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन की टीम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी के औचक निरीक्षण में प्रभारी चिकित्साधिकारी ही नदारद मिले। बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण में भी लापरवाही सामने आई। नाराज उपजिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्कूल, जल संस्थान, आंगनबाड़ी, विद्युत विभाग के कार्यालयों में भी ताबड़तोड़ छापेमारी कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। खैरना स्थित मोक्ष धाम व पार्किंग स्थल में सफाई व्यवस्था के हालात देखें। प्रशासन के एकाएक चले अभियान से कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
बुधवार को उपजिलाधिकारी मोनिका ने मय टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. जेएस पटपटिया की गैरमौजूदगी से एसडीएम का पारा चढ़ गया। एसडीएम ने आपातकालीन कक्ष तथा औषधि कक्ष का जायजा ले अभिलेखों की जांच की। बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण की ठोस व्यवस्था न होने पर गहरी नाराजगी जताई। बताया की अस्पताल की अनियमितताओं की रिपोर्ट जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को भेजी जाएगी। एसडीएम ने नजदीकी प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र के भी हालात देखें। बजट मिलने के बावजूद प्राथमिक विद्यालय की छत का कार्य शुरु होने पर हैरानी जताई। शिक्षा विभाग से स्पष्टीकरण लेने की बात कही। प्रशासन की टीम ने गरमपानी स्थित विद्युत विभाग व जल संस्थान के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। एसडीएम ने व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। चेताया की जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय टीम ने खैरना स्थित मोक्ष धाम व पार्किंग स्थल में सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, राजस्व उपनिरीक्षक रवि पांडे, डा. योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।
