🔳 सुविधा उपलब्ध न होने से गर्भवती महिलाएं धक्के खाने को मजबूर
🔳 मशीन होने के बावजूद लाभ न मिलने से क्षेत्रवासियों में रोष
🔳 देवभूमि व्यापार मंडल ने एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजा ज्ञापन
🔳 गरमपानी के साथ ही बेतालघाट व सुयालबाड़ी में भी सेवा उपलब्ध कराने पर दिया जोर
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

तमाम गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में अल्ट्रासाउंड सेवा आठ महीने से भी अधिक समय से ठप पड़ी हुई है। रेडियोलोजिस्ट की तैनाती न होने से अल्ट्रासाउंड मशीन अस्पताल में स्थित एक कमरे में कैद होकर रह गई है। देवभूमि व्यापार मंडल के पदाधिकारी ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को पत्र भेज गरमपानी में सेवा उपलब्ध कराने के साथ ही बेतालघाट व सुयालबाड़ी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरु कराए जाने की गुहार लगाई है।
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे हवा हवाई साबित होते जा रहे हैं जिसका जीता जागता उदाहरण बन चुका है सीएचसी गरमपानी। बीते दिनों ब्लॉक प्रमुख बेतालघाट की पत्नी व क्षेत्र पंचायत सदस्य छड़ा खैरना तक को उपचार के लिए काफि देर इंतजार करना पड़ा। वहीं अब अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंच रही गर्भवती महिलाओं को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। आठ महीने से भी अधिक समय से सेवा ठप होने से गर्भवती महिलाएं व मरीज अल्ट्रासाउंड के लिए हल्द्वानी, नैनीताल, रामनगर, काशीपुर आदि शहरों को रुख कर रहे हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन होने के बावजूद सेवा उपलब्ध न कराने जाने से लोगों में गहरा रोष भी व्याप्त है‌। मंगलवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा, मोहम्मद आजम, भरत जलाल, रीना राठौर आदि ने एसडीएम मोनिका के माध्यम से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को पत्र भेज सेवा के ठप होने से सामने आ रही परेशानियां गिनाई। चेताया है कि यदि जल्द गरमपानी अस्पताल में सेवा शुरु नहीं की गई तथा बेतालघाट व सुयालबाड़ी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध नहीं हुई तो मजबूरन आंदोलन को विवश होना पड़ेगा। सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डा. जेएस पटपटटिया के अनुसार उच्चाधिकारियों को समय समय पर पत्राचार किया जा रहा है। रेडियोलोजिस्ट की तैनाती होते ही सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।