🔳 कलमठ व नालियां बंद होने से हाईवे बना तलैया
🔳 हाईवे पर बहता बारिश का पानी कई दुकानों व घरों में घुसा
🔳 सामने आए हालातों ने खुली एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली की पोल
🔳 पैट्रोल पंप परिसर में लगे मलबे के ढेर से भी दहशत में क्षेत्रवासी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट]]]]]]]
मौसम का मिजाज बदलने के साथ शुरु हुई मूसलाधार बारिश से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तलैया में तब्दील हो गया। गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में बहते बरसाती पानी ने एनएच प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल कर रख दी। बारिश का पानी कई दुकानों व घरों तक में जा घुसा। स्थानीय लोगों ने एनएच विभाग के अधिकारियों के लापरवाह रवैया पर गहरी नाराजगी जताई।
मंगलवार शाम मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही करीब बीस मिनट तक हुई मूसलाधार बारिश ने खैरना गरमपानी बाजार क्षेत्र में व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी। बाजार में बनी बरसाती नाली व कलमटों के बंद पड़े होने से बारिश का पानी हाईवे पर नाले के रुप में बहता हुआ कई लोगों की दुकानों व घरों की ओर रुख कर गया। दुकानों व घरों का सामना खराब होने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार बरसाती नाली व कलमठो को खोलने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद एनएच अफसरों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। विभागीय अधिकारियों से मौखिक व लिखित में भी कई बार कहा जा चुका है पर अफसर अनदेखी देखे पर आमद हो चुके हैं। जिसका खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। गरमपानी क्षेत्र में निर्माणाधीन पैट्रोल पंप परिसर में लगे मलबे के ढेर से भी मलबा बारिश से हाईवे पर फ़ैल गया जिस कारण आवाजाही करने वाले परेशान रहे।स्थानीय गजेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह, पुष्कर सिंह पनौरा, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, बिशन जंतवाल , प्रेमनाथ गोस्वामी, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, भरत जलाल, कैलाश पिनारी आदि ने व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग उठाई है। चेताया है कि यदि उपेक्षा हुई तो फिर एनएच प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरु किया जाएगा।
