🔳 सवा करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद महत्वपूर्ण पेयजल योजना हवा में लटकी
🔳 जल संस्थान की अधिकारी राग रहे बजट न मिलने का राग
🔳 लंबे समय बाद भी योजना के अस्तित्व में न आने से जनप्रतिनिधियों में रोष
🔳 जल्द निर्माण पूरा न होने पर दे डाली आंदोलन की चेतावनी
🔳 महत्वपूर्ण छड़ा – खैरना पंपिंग पेयजल योजना का मामला
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना तथा छड़ा क्षेत्र के लोगों को पेयजल उपलब्ध करानी वाली बहुप्रतीक्षित छड़ा खैरना पंपिंग पेयजल योजना का कार्य समय बीतने के बावजूद पूरा न हो पाने पर क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताई है। तीन करोड़ रुपये के बजट की योजना में सवा करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद योजना का कार्य अधूरा पड़ा है। क्षेत्रवासियों ने महत्वपूर्ण योजना की अनदेखी का आरोप लगा जल्द कार्य पूरा कराएं जाने की मांग उठाई है।
जल जीवन मिशन योजना के तहत बेतालघाट ब्लॉक के छड़ा तथा खैरना क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने को दो वर्ष पूर्व छड़ा खैरना पंपिंग पेयजल योजना का कार्य शुरु हुआ। योजना का कार्य शुरु होने से गांवों में पानी का सूखा खत्म होने की उम्मीद जगी पर आज तक लंबा समय बीतने के बावजूद योजना अस्तित्व में नहीं आ सकी है जबकि जल संस्थान कार्यदाई संस्था को 1.25 करोड़ रुपये का भुगतान भी कर चुका है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट व मनोज सिंह बिष्ट, संजय सिंह आदि ने लंबा समय बीतने के बावजूद योजना के अस्तित्व में न आने पर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा ने बजट खर्च होने के बाद कार्य पूरा न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल खैरना अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह, मनीष तिवारी, प्रेम नाथ गोस्वामी, बिशन जंतवाल, सुनील सिंह के अनुसार पूर्व में भी कई बार कार्य पूरा किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है पर सुध नहीं ली जा रही। आरोप लगाया की लगातार अनदेखी की जा रही है। दो टूक कहा कि क्षेत्र की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपेक्षा की गई तो क्षेत्र के लोग जल संस्थान के कार्यालय में धरना देंगे। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार योजना का लगभग साठ फिसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। बजट मिलते ही कार्य पूरा करा जलापूर्ति आपूर्ति सुचारु की जाएगी।
