🔳 विरोध के स्वर उठने पर दिए निरस्त करने के आदेश
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों के बगावती स्वर पर विधायक ने भी भेजा था पत्र
🔳 दुकान के निरस्त होने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई खुशी
🔳 क्षेत्र का माहौल बिगड़ने व स्कूली बच्चों पर गलत असर का जताया था अंदेशा
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर भुजान क्षेत्र में शराब की दुकान के विरोध में पंचायत प्रतिनिधियों व आसपास के गांवों की महिलाओं के आक्रोशित होने तथा विधायक के भी शराब की दुकान के खिलाफ डीएम को पत्र भेजने के बाद अब आखिरकार जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने दुकान को निरस्त करने के आदेश दे दिए हैं। दुकान को निरस्त किए जाने के आदेश पर पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने विधायक का भी आभार व्यक्त किया है।
स्टेट हाईवे पर तमाम गांवों का प्रवेश द्वार माना जाने वाले भुजान बाजार क्षेत्र में पातली बाजार से हटाई गई शराब की दुकान खुलने की तैयारी पर महिलाओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई। दुकान के विरोध में उतरे आसपास के टूनाकोट, तिपोला, विशालकोट, मुसौली, चापड़, हिडा़म आदि तमाम गांवों के ग्राम प्रधानों व ग्रामीणों ने विधायक डा. प्रमोद नैनवाल को पत्र भेज शराब की दुकान को निरस्त करवाए जाने की मांग उठाई। दुकान खोले जाने पर आंदोलन तक की चेतावनी दे डाली। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पत्र मिलने के बाद विधायक ने भी जिलाधिकारी को दुकान निरस्त किए जाने को पत्राचार किया। विरोध के स्वर बुलंद होने पर अब जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने दुकान को अगले दो वर्षों तक के लिए निरस्त कर दिया है। दुकान को निरस्त किए जाने पर मातृशक्ति व पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक व जिलाधिकारी का आभार व्यक्त कर खुशी व्यक्त की है।
