🔳 हादसे में चौदह लोग घायल, पांच हायर सेंटर रेफर
🔳 अल्मोड़ा से शादी समारोह से लौट रहे थे वापस
🔳 एकाएक हुए हादसे से बस सवारों में मची चीखपुकार
🔳 लहुलुहान हालत में पहुंचाया गया सीएचसी गरमपानी
🔳 बस में सवार 14 अन्य कैंची धाम में दर्शन को उतरे, बच गई जान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
कोलकाता से अल्मोड़ा क्षेत्र के एक रिर्जोट में शादी समारोह से शामिल होकर हल्द्वानी की ओर लौट रहे पर्यटकों की बस अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से जा टकराई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से पर्यटकों में चीख पुकार मच गई। हादसे में घायल चौदह पर्यटकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। नाजुक हालत में पांच पर्यटकों को आपातकालिन 108 सेवा से हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
बुधवार को द्वारसौ, अल्मोड़ा निवासी महेश पांडे बस यूके 04 पीए 4041 में अल्मोड़ा क्षेत्र में स्थित एक रिर्जोट से करीब 28 पर्यटकों को लेकर हल्द्वानी की ओर रवाना हुआ। रास्ते में बस में सवार सभी लोगों ने एक होटल में खाना खाया और आगे की ओर रवाना हुए। कैंची धाम में सभी लोग नीम करौरी आश्रम में मत्था टेकने उतरे। बस सवार रोहित अग्रवाल के अनुसार इसी बीच बस चालक ने मोबाइल गरमपानी के पास होटल में भूलने की बात कहकर बस वापस घुमा दी। कुछ लोग मंदिर में थे जबकि कुछ वाहन में ही बैठे रहे। बस चालक महेश वापसी में हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में पहुंचा ही था कि तभी वह बस पर नियंत्रण खो बैठा नतीजतन बस असंतुलित होकर दो पांखी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से जा टकराई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बस में सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची खैरना पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने लीलुवा गांव, जिला हावड़ा कोलकाता निवासी स्नेहलता अग्रवाल, लक्ष्य, आभा, वत्स, मीनू, राजस्थान निवासी शकुंतला, लीलाधर सैनी, जिज्ञासा तथा हुगली, हावड़ा, कोलकाता निवासी सुनीता, विनोद अग्रवाल, सरोज, बसंत कुमार, बलदेव, हर्षल अग्रवाल का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में गंभीर रुप से घायल स्नेहलता, आभा, लक्ष्य, वत्स व मीनू को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। हादसे का कारण हाईवे पर जंगली जानवर आना बताया जा रहा है जबकि वाहन सवारों ने वाहन के तेज गति में होने की बात भी स्वीकारी है। बस में सवार चौदह अन्य लोगों के कैंची धाम में उतरने से बाल बाल बच गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम सिंह पिनारी समेत कई लोग दुर्घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हाल जाना। इस दौरान चौकी प्रभारी रमेश पंत, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, दर्शन चौधरी आदि मौजूद रहे।
