🔳 पंचायत प्रतिनिधियों ने सांसद को ज्ञापन सौंप दुकान हटाने की लगाई गुहार
🔳 पूर्व दर्जा राज्यमंत्री ने भी आंदोलन को दिया समर्थन
🔳 सरकार की नितियों पर उठाए सवाल, लगाए गंभीर आरोप
🔳 आंदोलनकारियों ने किया आरपार का ऐलान
🔳 अनदेखी पर नारेबाजी कर जताया रोष
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट व भुजान क्षेत्र में शराब की दुकान का विरोध तेज हो गया है। महिलाएं शराब की दुकान के विरोध में आंदोलन में डटी हुई है बावजूद मातृशक्ति की आवाज की अनदेखी कर दी जा रही है। रोज़ाना जनप्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचकर महिलाओं की मांग को जायज ठहरा आंदोलन को समर्थन देने में जुटे हैं। आंदोलनकारियों ने नैनीताल में सांसद अजय भट्ट को ज्ञापन सौंप दुकान हटाने की गुहार भी लगाई।
रातीघाट क्षेत्र से शराब की दुकान हटाने को लेकर मातृशक्ति का आंदोलन बाहरवें दिन में प्रवेश कर गया है। आसपास के गांवों की महिलाएं तथा पंचायत प्रतिनिधि शराब की दुकान के बाहर आंदोलन में डटे हुए हैं। शुक्रवार को पूर्व दर्जा राज्यमंत्री खष्टी बिष्ट ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। दर्जा राज्यमंत्री ने सरकार की नीति पर सवाल खड़े कर तमाम गंभीर आरोप लगाए। धरने पर बैठी महिलाओं ने अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई। ब्लॉक प्रमुख अंकित साह की अगुवाई में पंचायत प्रतिनिधियों ने नैनीताल में सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट को ज्ञापन सौंप शराब की दुकान हटाने पर जोर दिया। इधर भुजान क्षेत्र में भी शराब की दुकान खुलने की सुगबुगाहट से आसपास के गांवों की महिलाओं में रोष पनपने लगा है।
