🔳 लगातार बढ़ रहे मामलों पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
🔳 शांत गांवों का माहौल बिगड़ने का जताया अंदेशा
🔳 संयुक्त मजिस्ट्रेट को पत्र सौंप उठाई कार्रवाई की मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
कोसी घाटी से सटे धूराफाट क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने किन्नरों के गांवों में पहुंचकर बधाई के नाम पर मोटी रकम वसूलने व अभद्र व्यवहार किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की ऐसी स्थिति से गांवों का माहौल खराब होता जा रहा है वहीं गांवों के लोग भी परेशान है। एसडीएम को पत्र सौंप मामले में कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
धूराफाट क्षेत्र के टूनाकोट, हिडाम, बयेडी, मंडलकोट, लछीना, नौघर ग्राम पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने किन्नरों के बधाई के नाम पर लोगों से मनमानी धनराशि मांगने व पैसा न देने पर अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगा संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात को शिकायती पत्र सौपा। पंचायत प्रतिनिधियों ने शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि विवाह, नामकरण व अन्य शुभ कार्यो की सूचना पर किन्नर गांव में पहुंच रहे हैं। गांव के लोग हैसियत अनुसार खुशी खुशी किन्नरों को मिठाई व धनराशि दे रहे हैं पर किन्नर मनमानी पर आमादा हो जा रहे हैं। जबरन मोटी रकम देने का दबाव बनाने के साथ ही अभद्रता पर भी उतारु हो जा रहे हैं जिस कारण गांवों का माहौल बिगड़ने के साथ ही ग्रामीण भी भयभीत हो रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई ताकी गांवों का माहौल न बिगड़े। इस दौरान ग्राम प्रधान बयेडी दीप चंद्र, प्रधान हिडाम मनीषा, प्रधान मंडलकोट दीपा नेगी, नौघर सुरेन्द्र सिंह, लछीना पूजा नेगी, भाजपा नेता सुनील मेहरा आदि मौजूद रहे।
