🔳 दूसरे दिन भी शराब की दुकान बंद कराकर की नारेबाजी
🔳 रातीघाट क्षेत्र से शराब की दुकान हटाने की मांग पर अड़ी महिलाएं
🔳 दिनभर सरकार विरोधी नारों से गुंजता रहा रातीघाट बाजार
🔳 एसडीएम व चौकी प्रभारी को भी बैरंग लौटाया वापस
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में खोली गई शराब की दुकान से मातृशक्ति का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा। महिलाओं ने दूसरे दिन भी दुकान बंद करा नारेबाजी कर रोष जताया। दुकान को तत्काल हटाए जाने की मांग उठाई। सूचना पर पहुंची उपजिला मोनिका व चौकी प्रभारी रमेश पंत की भी एक न सुनी। साफ कहा कि जब तक दुकान बंद नहीं हो जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हाईवे पर रातीघाट बाजार में शराब की दुकान खुलने से गुस्साई महिलाओं ने गुरुवार को भी दुकान बंद करा दी। शराब की दुकान के बाहर बैठकर घंटो तक नारेबाजी की। घर का कामकाज छोड़कर पहुंची महिलाएं शाम पांच बजे तक धरने पर बैठी रही। दिन चढ़ने के साथ ही महिलाओं का पारा भी चढ़ने लगा।महिलाओं ने शराब की दुकान को तत्काल बंद किए जाने की पुरजोर मांग उठाई। कहा कि क्षेत्र में स्थित स्कूल के रास्ते में दुकान खोले जाने से भविष्य में बच्चों के नशे की जद में आने की आशंका है। पांच किमी की दूरी पर सुप्रसिद्ध कैंची धाम स्थित है।रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने से श्रद्धालुओं में भी गलत संदेश जाएगा। कहा कि नजदीकी खैरना क्षेत्र में शराब की दुकान पूर्व से ही संचालित है। एक स्वर में रातीघाट से दुकान हटाए जाने की मांग की। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका व चौकी प्रभारी खैरना रमेश पंत ने मौके पर पहुंचे आंदोलनकारी महिलाओं से वार्ता की। महिलाओं ने दो टूक कहा कि जब तक दुकान नहीं हटेगी आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान ललिता जोशी, सुनीता बिष्ट, पूनम देवी, हेमा देवी, नेहा जोशी, सुनीता बिष्ट समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।