🔳 नियमित व समुचित पेयजल उपलब्ध न होने से परेशानी हुई दोगुनी
🔳 गर्मीयों में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचने का अंदेशा
🔳 डूगरु मुगरु पेयजल योजना से होती है आपूर्ति
🔳 ग्राम प्रधान ने व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही गांवों में पेयजल संकट गहराने लगा है। रामगढ़ ब्लॉक के सिंगोली तथा डोल गांव में ग्रामीणों को नियमित व समुचित पेयजल उपलब्ध न होने से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत से करीब बीस से अधिक परिवारों को भविष्य की चिंता सताने लगी है। क्षेत्रवासियों ने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कर समुचित पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
ग्रीष्मकाल की दस्तक के साथ ही गांवों में पेयजल संकट भी खड़ा होने लगा है। रामगढ़ ब्लॉक के सिमराड ग्राम पंचायत के सूदूर डोल तथा सिगोली गांव के निवासी पेयजल व्यवस्था के चरमराने से परेशान हैं। कई दिनों तक पानी की आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को दूर दराज से पानी की व्यवस्था को मजबूर होना पड़ रहा है। दोनों गांवों में निवास करने वाले बीस से अधिक परिवारों को समुचित पेयजल उपलब्ध न होने से आगामी गर्मीयों की चिंता सताने लगी है। ग्राम प्रधान भारतेन्दु पाठक के अनुसार डोल व सिंगोली गांव को डूगरु मूगरु पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति होती है पर योजना से नियमित व समुचित पानी उपलब्ध न होने से गांव के लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन गांव से पेयजल की समस्या संबधी शिकायत सामने आ रही है। ग्राम प्रधान भारतेन्दु ने व्यवस्था में सुधार कर दोनों गांवों के लोगों को समुचित व नियमित पानी उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है। चेताया है कि यदि अनदेखी की गई तो गांवों के लोगों को साथ लेकर आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी। जल संस्थान के अवर अभियंता त्रिवेंद्र जोशी ने बताया की मुख्य स्रोत में पानी कम होने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया जा रहा है।
