🔳 वन विभाग ने कांडा गांव में स्थापित किए दो कैमरे
🔳 गुलदार की आवाजाही तेज होने से दहशत में ग्रामीण
🔳 विभागीय टीम ने ग्रामीणों से किया सतर्कता बरतने का आह्वान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के झूतिया गांव के कांडा तोक में गुलदार की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने गुलदार की आवाजाही पर निगरानी को दो ट्रैप कैमरे स्थापित कर क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने का आह्वान किया है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार लगातार निगरानी रखी जा रही है।
कांडा गांव में पिछले कई दिनों से गुलदार के आबादी के नजदीक तक पहुंचने से ग्रामीण खौफजदा हैं। गांव की महिलाएं खेतों में जाने से डरने लगी है जबकि बच्चों को स्कूल भेजने में भी भय बना हुआ है। ग्राम प्रधान किरन जोशी ने वन विभाग को पत्र लिखकर गुलदार की आवाजाही रोकने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान का पत्र मिलने के बाद वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के निर्देश पर गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने अलग अलग स्थानों पर दो ट्रैप कैमरे स्थापित कर दिए है। वन विभाग से पहुंचे वन आरक्षी रमेश सिंह व हरेन्द्र सिंह ने गांव के लोगों को जागरुक कर विशेष सावधानियां बरतने का आह्वान किया। रात को अनावश्यक घर से बाहर निकलने, बच्चों को अकेला ना छोड़ने तथा मवेशियों की सुरक्षा को भी विशेष ध्यान रखने की अपील की। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार ट्रैप कैमरों की मदद से गुलदार की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। जरुरत पड़ने पर पिंजरा स्थापित करने को कार्रवाई शुरु की जाएगी।
