🔳 ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने एसडीएम को सौंपा शिकायती पत्र
🔳 मामले की जांच कर उठाई कार्रवाई की मांग
🔳 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर रजिस्टर तैयार करने का आरोप
🔳 उद्यान प्रभारी ने आरोपों को सिरे से किया खारिज, बताया निराधार
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव में उद्यान विभाग के पौध वितरण कार्यक्रम विवादों में आ गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने पौध वितरण में धांधली का आरोप लगा जांच की मांग उठा दी है। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप विभाग पर फर्जी किसानों के हस्ताक्षर का आरोप लगा निष्पक्ष जांच पर जोर दिया है। उद्यान प्रभारी अजय जोशी ने आरोपों को निराधार करार दिया है।
लोहाली गांव में उद्यान विभाग के पौध वितरण कार्यक्रम में धांधली किए जाने के आरोप से हड़कंप मच गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि त्रिभुवन सिंह ने एसडीएम मोनिका को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग उठा दी है। शिकायती पत्र के माध्यम से बताया है कि उद्यान विभाग ने गांव में पुलम के पौधों का वितरण कार्यक्रम करवाया पर कार्यक्रम के दौरान रजिस्टर में कई किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर दिए गए जबकि कई किसानों को पौधे नहीं मिले। जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधने पर उन्हें फर्जी हस्ताक्षर से तैयार कागज तैयार कर उपलब्ध कराया गया। आरोप लगाया की गांव के किसानों के हितों से खिलवाड़ कर धोखाधड़ी की गई है। विभागीय रजिस्टर मांगने पर उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा। अंदेशा जताया है की बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर भी दर्ज करा दी गई है। उद्यान विभाग के गरमपानी ईकाई प्रभारी अजय जोशी के अनुसार आरोप निराधार है। गांव में शिविर लगाकर किसानों को पुलम के पौधे वितरित किए गए हैं। विभागीय रजिस्टर उच्चाधिकारियों के अलावा किसी को भी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।