🔳 हाईवे पर स्थित चमड़ियां बाजार क्षेत्र की घटना
🔳 गुलदार ने घर में घुसकर पालतू कुत्ते को दबोचा
🔳 क्षेत्रवासियों ने बड़ी घटना के सामने आने का जताया अंदेशा
🔳 पिंजरा लगाकर गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर चमड़ियां बाजार क्षेत्र में गुलदार के घर के अंदर से पालतू कुत्ते को उठा ले जाने से हड़कंप मच गया है। घटना से गृहस्वामी व क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने गुलदार की घर के अंदर तक घुसपैठ से भविष्य में बड़ी घटना का अंदेशा जता वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग उठाई है।
हाईवे पर चमड़ियां बाजार क्षेत्र में ललित दानी परिवार के साथ रहते हैं। हाईवे के नजदीक स्थित भवन में ही उनके परिवार के अन्य सदस्य भी रहते हैं। बीती शाम जंगल की ओर से उतरा गुलदार हाईवे को पार कर आवासीय मकान के अंदर तक घुस गया। गुलदार ने घर के अंदर से कुत्ते को दबोच लिया। गुलदार को घर के अंदर तक घुसा देख परिवार के सदस्यों ने हो हल्ला मचाया पर तब तक गुलदार पालतू कुत्ते को लेकर कोसी नदी की ओर भाग गया। घटना से दहशत में आए परिवार को सदस्यों ने आसपास के लोगों को भी सूचना दिए तथा सतर्क रहने को कहा। घटना के बाद से ही चमड़ियां क्षेत्र में दहशत बढ़ गई है। दिन ढलने के साथ ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो जा रहे हैं। स्थानीय ललित दानी के अनुसार गुलदार के घर तक घुसपैठ से कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। स्थानीय कैलाश चंद्र, प्रेम सिंह, पंकज, राम सिंह, हिमांशु, दीपक सिंह, मनीष आदि ने पिंजरा लगाकर गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।