🔳 धारी ग्राम पंचायत के प्रधान ने जताया अंदेशा
🔳 खनन पट्टों की स्वीकृति पर रोक लगाने की उठाई मांग
🔳 एसडीएम, सिंचाई व वन विभाग को भेजा पत्र
🔳 मामले को गंभीरता से लिए जाने पर दिया जोर
🔳 अनदेखी पर गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के धारी खैरनी गांव के करीब दो किमी दायरे में खनन प्रतिबंधित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्राम प्रधान ने श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी, वन विभाग व सिंचाई विभाग को पत्र भेजकर खनन से भविष्य में गांव पर खतरा मंडराने का अंदेशा जताया है। साफ कहा है कि यदि खनन पट्टों को स्वीकृति दी गई तो तबाही का सामना करना पड़ सकता है।
धारी गांव के ग्राम प्रधान कमल सिंह जंतवाल ने श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका व सिंचाई तथा वन विभाग के अधिकारियों को पत्र भेज गांव के दो किमी दायरे में खनन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई है। पत्र के माध्यम से बताया है कि उनका गांव अतिसंवेदनशील क्षेत्र है। पंचायत की सीमा पर बहने वाली कोसी नदी पर खनन प्रतिबंधित न होने पर भविष्य में घातक परिणाम सामने आ सकते हैं। भूस्खलन के साथ ही प्राकृतिक आपदा, पेयजल स्रोतों व सिंचाई व्यवस्था, वन संपदा के साथ ही नदी में बाढ़ आने पर तलहटी पर स्थित कृषि भूमि को भी नुकसान होने का अंदेशा है। बेतरतीब खदान होने से नदी के बहाव के रुख बदलने का भी अंदेशा है। ग्राम पंचायत के दो किमी दायरे में जनहित को ध्यान में रख खनन प्रतिबंधित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई। चेताया की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।