🔳 खस्ताहाल हाईवे पर रपटकर दो पहिया वाहन सवार हो रहे चोटिल
🔳 खतरा दर्शाने को व्यापारियों ने लगाया लाल झंड़ा
🔳 लंबे समय से खतरा बढ़ने के बावजूद सुध न लेने से जताया रोष
🔳 एनएच विभाग की कार्यप्रणाली से बढ़ी अनहोनी का जताया अंदेशा
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर गंगरकोट क्षेत्र में एनएच प्रशासन की अनदेखी आवाजाही करने वाले लोगों को भुगतनी पड़ रही है। आए दिन स्कूटी सवार खस्ताहाल हाईवे पर रपटकर चोटिल हो रहे हैं पर संबंधित विभाग की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। लोगों को चेताने के लिए अब स्थानीय दुकानदारों ने लाल झंड़ा लगाकर आवाजाही करने वालों को सतर्क करने का प्रयास किया है।
महत्वपूर्ण हाईवे के चौड़ीकरण होने के बाद से ही दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ गया है वहीं गंगरकोट क्षेत्र में हाईवे की दुर्दशा दुर्घटना का कारण बन चुकी है। उधड़ चुके हाईवे पर रोजाना स्कूटी सवार रपटकर जख्मी हो रहे हैं। शुक्रवार को अल्मोड़ा से स्कूटी यूके 04 टीबी 6423 से नैनीताल की ओर जा रहे संदीप भी खस्ताहाल सड़क पर असंतुलित होकर रपट गए। दुर्घटना में संदीप के पैर व मुंह में चोट पहुंची। स्थानीय व्यापारी ईश्वर सिंह व भीम सिंह के अनुसार अब तक दर्जनों स्कूटी व बाइक सवार खस्ताहाल सड़क पर रपटकर चोटिल हो चुके हैं बावजूद सड़क को दुरुस्त करने की सुध नहीं ली जा रही। दोनों व्यक्तियों ने खुद के खर्चे से मौके पर लाल झंडा भी स्थापित किया है ताकि आवाजाही करने वाले खतरे से सतर्क हो सके। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह नेगी आदि ने एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया है। जल्द खतरा टालने को ठोस उपाय न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
