🔳 बिमार बच्ची व महिला को भी करना पड़ा परेशानी का सामना
🔳 घंटों जाम में फंसने से हलकान रहे ग्रामीण
🔳 ट्रेक्टर की मदद से बामुश्किल खिंचकर हटाया गया ट्रक
🔳 हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग का मामला
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लोहाली – चमड़ियां मोटर मार्ग पर निर्माण सामग्री से लदा ट्रक फंसने से साढ़े पांच घंटे तक आवाजाही ठप रही। आवश्यकीय कार्य के लिए गांवों से बाजार को रवाना हुए ग्रामीणों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रैक्टर की मदद से फंसे वाहन को खिंचकर निकाले जाने के बामुश्किल आवाजाही शुरु हो सकी।
लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा है। गांवों के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। गुरुवार को बेतालघाट से उपखनिज लेकर लोहाली गांव की ओर रवाना हुआ ट्रक मोटर मार्ग पर तीखे मोड़ को पार करने के बाद फंस गया। चालक ने वाहन को आगे बढ़ाने का काफि प्रयास किया पर सफलता नहीं मिल सकी। ट्रक के फंसने से मोटर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आसपास के गांवों को आवाजाही कर रहे ग्रामीण जहां तहां फंस गए। बेटी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे माता पिता भी घंटों फंसे रहे‌। वहीं ताड़ीखेत गांव की बिमार महिला को सहारे की मदद से जाम का क्षेत्र पार कराया गया। हाईवे पर पहुंचकर स्वजन बिमार को लेकर दूसरे वाहन से अल्मोड़ा को रवाना हुए। जाम लगने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोगों ने ट्रक को धक्का देकर निकालने का भी प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। दोपहर में ट्रैक्टर की मदद से बामुश्किल ट्रक को धक्का देकर आगे बढाया जा सका तब जाकर बामुश्किल मोटर मार्ग पर आवाजाही सुचारु हो सकी। स्थानीय ग्रामीणों ने मोटर मार्ग की बदहाली पर गहरा रोष जताया। जल्द स्थित में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।