🔳 सड़क निर्माण को बीत गए पांच वर्ष पर नहीं मिला मुआवजा
🔳 ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को पत्र भेज
🔳 मुआवजा न मिलने पर जताई गहरी नाराजगी
🔳 जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की दे डाली चेतावनी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण जौरासी मोटर मार्ग के निर्माण की जद में आई जमीनों का मुआवजा न मिलने से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को हस्ताक्षरयुक्त पत्र भेज मुआवजा न मिलने पर रोष जताया है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द मुआवजा वितरित नहीं किया गया तो आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
गांवों के लोगों को सड़क सुविधा का लाभ देने के लिए लाखों करोड़ों रुपये के बजट से सड़क निर्माण तो कर दिया जा रहा है पर सड़क निर्माण की जद में आने वाली किसानों की जमीनों का मुआवजा उपलब्ध कराने में विभागीय अधिकारी मुंह फेर ले रहे हैं। सालों तक मुआवजा न मिलने से ग्रामीणों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है यहीं नहीं गांवों के लोग विभागीय अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटते काटते थक चुके हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने के वर्ष 2020 में जौरासी मोटर मार्ग का निर्माण तो कर दिया गया पर सड़क निर्माण को पांच वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक गांव के सौ परिवारों को सड़क निर्माण की जद में आई जमीनों का मुआवजा नही मिल सका है। ग्रामीण कई बार विभिन्न मंचों से मुआवजे की गुहार भी लगा चुके हैं बावजूद सुनवाई नहीं हो सकी। परेशान ग्रामीणों ने अब आरपार का मन बना लिया है। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेजकर मुआवजा वितरित किए जाने की मांग उठा दी है। आरोप लगाया है कि लगातार आवाज उठाए जाने के बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा लगातार उपेक्षा की जा रही है। ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि यदि जल्द मुआवजे की धनराशि वितरित नहीं की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। ज्ञापन में ग्राम प्रधान ममता मेहरा, पूर्व प्रधान रुप सिंह, आंनद सिंह, धरम सिंह, विरेन्द्र नेगी, हर्षित नेगी, गोपाल सिंह, मनीष, भूपाल, चंदन नेगी, नंदी देवी, लीला देवी, प्रेमा, भगवती, मुन्नी, चंद्रा, प्रेमा देवी समेत तमाम ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।