🔳 युवा कल्याण अधिकारी ने बेतालघाट पुलिस को सौंपी तहरीर
🔳 मिनी स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में कंबल वितरण के दौरान मची थी अफरातफरी
🔳 सुरक्षा दीवार गिरने से तीन महिलाएं समेत छह लोग हुए थे घायल
🔳 चार घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी किया गया है रैफर
🔳 एकाएक हुई घटना से पूरे क्षेत्र में मचा हड़कंप
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

मिनी स्टेडियम बेतालघाट में हुई घटना का मामला तूल पकड़ गया है। प्रांतीय रक्षक दल के युवा कल्याण अधिकारी की तहरीर पर बेतालघाट थाने में कार्यक्रम आयोजक भवाली निवासी शीलू कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के अनुसार बगैर उचित संसाधनों के भीड़ इकट्ठा कर लोगों को चोट व नुकसान पहुंचाने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा नियमों के उल्लघंन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर मामले को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा भी की है। भविष्य में ऐसे अव्यस्थित कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किए जाने की मांग उठाई है।
बेतालघाट स्थित मिनी स्टेडियम में बीते सोमवार को निजी कार्यक्रम में कंबल वितरण के दौरान अफरातफरी मच गई। कंबल लेने को विभिन्न गांवों से जुटी महिलाएं व ग्रामीण बेकाबू हो गए। इसी बीच मुख्य गेट के समीप मिनी स्टेडियम की सुरक्षा दीवार गिरने से कई लोग संतुलन खो बैठे। क्षतिग्रस्त दीवार की चपेट में आने से बुजुर्ग कांति देवी, रेखा देवी, बचुली देवी तथा भूपाल सिंह अधिकारी, रेवाधर व मोहन कुमार घायल हो गए। अफरातफरी के बीच घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कांति देवी, रेखा देवी व बचुली देवी तथा भूपाल अधिकारी को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया। मिनी स्टेडियम की दीवार गिरने से ग्रामीणों के घायल होने व समीप स्थित विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित होने तथा अव्यवस्था पर क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई। मंगलवार को श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका ने पुलिस को मामले में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रांतीय रक्षक दल के युवा कल्याण अधिकारी कुंदन कुमार ने भी बेतालघाट थाने में घटना को लेकर तहरीर सौंपी। तहरीर मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने कार्यक्रम आयोजक भवाली निवासी शीलू कुमार के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया की मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। कहा कि सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।

पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जताई नाराजगी

बेतालघाट में हुई घटना को लेकर स्थानीय लोगों में खासी नाराजगी है। क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा ने मामले की कड़े शब्दों में निंदा की। जिंप सदस्य के अनुसार यदि आयोजक ने कार्यक्रम की अनुमति ली थी तो प्रशासन को व्यवस्था दुरुस्त रखनी चाहिए थी यदि अनुमति नहीं थी तो मामले में निश्चित ही कार्रवाई होनी चाहिए। साफ कहा की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेखर दानी ने भी घटनाक्रम पर गहरी नाराजगी जताई है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने स्कूलों के बीच ऐसे कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। कहा की मिनी स्टेडियम से लेकर बाजार क्षेत्र तक अव्यवस्था रही। कहा की पुलिस प्रशासन को ऐसे मामलों को गंभीरता से लेना चाहिए। सरस्वती विद्या मंदिर बेतालघाट के प्रधानाचार्य लीलाधर जोशी ने बताया की मिनी स्टेडियम में तेज ध्वनि से बज रहे म्यूजिक से बच्चों की पढ़ाई में भी ख़ासा व्यवधान हुआ। समय से पूर्व ही पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की छुट्टी को मजबूर होना पड़ा। प्रधानाचार्य ने भी भविष्य में कार्य दिवस पर ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति न दिए जाने पर जोर दिया। क्षेत्रवासियों व खेलप्रेमियों ने कार्यक्रम के बाद मिनी स्टेडियम में गंदगी पर रोष जताया। श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के अनुसार पूरे मामले पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दे दिए गए हैं।