🔳 खनन पर सख्ती से अंकुश लगाने की उठाई मांग
🔳 सूचना के बावजूद कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने जताया रोष
🔳 कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के घटगाढ़ नदी में खनन तस्करों के सक्रियता बढ़ाने व धड़ल्ले से खदान किए जाने से ग्रामीणों ने प्राकृतिक जल स्रोत को नुकसान पहुंचने का अंदेशा जता खनन तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया की लंबे समय से काला कारोबार किया जा रहा है बावजूद पुलिस प्रशासन अनदेखी पर आमादा है।
गांवों में बहने वाले नदी नाले तक अब खनन तस्करों के निशाने पर आ गए हैं। तस्कर धड़ल्ले से खदान कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देने पर आमादा हो चुके हैं। जजूला क्षेत्र से होकर निकलने वाले घटगाढ़ गधेरे पर जगह जगह लगे अवैध उपखनिज व पत्थरों के ढेर क्षेत्र में अवैध खनन की हकीकत बयां कर रहे हैं। धनियाकोट निवासी कृपाल सिंह मेहरा ने आरोप लगाया की धड़ल्ले से हो रहे खदान से गांव के प्राकृतिक जल स्रोत को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है बावजूद लगातार खदान किया जा रहा है। अंदेशा जताया है कि यदि खदान पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आगामी गर्मियों में गांवों के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। पुष्कर सिंह पनौरा ने भी खुलेआम अवैध खनन पर गहरा रोष जता कार्रवाई की मांग उठाई है। चेताया है की यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।