🔳 वर्षों पुराना रास्ता बंद किए जाने से क्षेत्रवासी परेशान
🔳 तत्काल रास्ता खोले जाने की उठाई पुरजोर मांग
🔳 अनदेखी पर तैयार की जाएगी आंदोलन की रुपरेखा
🔳 विभागीय मनमानी कतई बर्दाश्त न करने का ऐलान
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के मोना बाजार से तमाम गांवों के ग्रामीणों व जीआइसी के नौनिहालों के पैदल रास्ते को लोक निर्माण विभाग के लोहे का गेट लगाकर बंद किए जाने से क्षेत्रवासी व स्कूली बच्चे परेशान हैं। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने जनहित को ध्यान में रख गेट हटवाए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द गेट नहीं हटाया गया तो फिर आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
मोना स्थित मुख्य बाजार से वर्षों पुराने रास्ते से गैराडी, बैरोली, भुजाखान, हसियारी दिगारी समेत आसपास के गांवों के ग्रामीण व राजकीय इंटर कॉलेज मोना में अध्ययनरत नौनिहाल आवाजाही करते हैं पर कुछ दिन पहले लोक निर्माण विभाग ने रास्ते पर लोहे का गेट लगाकर आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। रास्ते के बंद होने से गांव के लोगों को स्कूली बच्चों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गेट लगने से ग्रामीणों में गहरा रोष भी व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे लोनिवि की मनमानी करार दिया है। ग्राम प्रधान निर्मला जीना के अनुसार वर्षों पुराने रास्ते को एकाएक लोहे का गेट लगाकर बंद किया जाना न्यायोचित नहीं है। रास्ते को बंद कर दिए जाने से स्कूली बच्चों व गांव के लोगों को तमाम दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों व ग्रामीणों ने गेट को तत्काल हटाकर आवाजाही शुरु करने की मांग उठाई है। चेताया की यदि मनमानी की गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार भूमि विवाद होने पर गेट लगवाया गया है। जल्द ही ग्रामीणों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा।
