🔳 आवाजाही ठप होने से परेशान हुए यात्री व पर्यटक
🔳 पत्थरों की चपेट में आने से बाल बाल बचे कई वाहन
🔳 एनएच प्रशासन ने लोडर मशीन से मलबा हटाकर यातायात करवाया सुचारु
🔳 क्वारब में भी बिगड़े रहे हालात, रेंगते रहे वाहन
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर अतिसंवेदनशील पाडली की पहाड़ी के एकाएक दरकने से गिरे मलबे व पत्थरों ने आवाजाही ठप कर दी। यातायात बाधित होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची एनएच की लोडर मशीन ने मलबा हटाकर बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया। उधर क्वारब क्षेत्र में जाम से लोग परेशान रहे।
हाईवे पर जर्जर पहाड़ियों के दरकने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। क्वारब क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा गिरने से सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। हल्द्वानी से पहाड़ तथा पहाड़ से हल्द्वानी की ओर जा रहे यात्रियों व पर्यटकों को काफि परेशानियों का सामना करना पड़ा। पाडली क्षेत्र में पहाड़ी से एकाएक हुए भूस्खलन से गिरने मलबे से आवाजाही ठप हो गई। गनीमत रही की कोई वाहन चपेट में नही आया और बड़ी अनहोनी टल गई। यातायात ठप होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। यात्री वाहन जहां तहां फंस गए। लगातार पत्थरों के गिरने से हाईवे पर पत्थरों का ढेर लग गया। सूचना पर एनएच प्रशासन की लोडर मशीन मौके पर पहुंची। मशीन चालक ने मलबा हटाने का कार्य शुरु ही किया था की दोबारा पत्थर गिरने से कार्य प्रभावित हो गया। पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का क्रम थमने के बाद बामुश्किल मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया जा सका। आवाजाही शुरु होने से यात्रियों व पर्यटकों ने राहत की सांस ली। वाहन चालकों ने पहाड़ी के दरकने पर चिंता व्यक्त कर उपचार को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।