🔳 जबरदस्ती कनेक्शन लेने से गांव में ठप हुई आपूर्ति
🔳 ग्रामीणों का चढ़ा पारा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
🔳 अनदेखी पर दे डाली आंदोलन की चेतावनी
🔳 पूर्व में भी स्रोत को पहुंचाया जा चुका है नुकसान
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के छड़ा गांव के वर्षों पुराने प्राकृतिक जल स्रोत से छेड़छाड़ पर ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। ग्रामीणों ने श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका को पत्र सौंप प्राथमिक जल स्रोत से जबरदस्ती कनेक्शन लेने पर रोष जताया है। मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
छड़ा गांव के पचास से अधिक परिवारों को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित दोपांखी क्षेत्र से वर्षों पुराने प्राकृतिक जल स्रोत से पानी की आपूर्ति होती है। कुछ महीने पहले दोपांखी क्षेत्र से कुछ लोगों ने प्राकृतिक जल स्रोत से कनेक्शन ले लिए जिस कारण छड़ा गांव की आपूर्ति ठप हो गई। मामले के तूल पकड़ने व प्रशासन के हरकत में आने के बाद कनेक्शन हटवा लिए गए। अब दोबारा कनेक्शन लिए जाने व आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। छड़ा निवासी संजय सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया की जबरदस्ती कनेक्शन लिया जा रहा जिस कारण गांव में आपूर्ति ठप हो गई है। गुरुवार को ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेज मामले में कार्रवाई कर कनेक्शन तत्काल हटाने तथा कनेक्शन लेने वालों पर कार्रवाई की पुरजोर मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि मनमानी की गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। ज्ञापन में हीरा सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह, खुशाल सिंह, भवान सिंह नेगी, पंकज, गिरीश, चंदन सिंह, जीवन सिंह, विरेन्द्र बिष्ट, दिनेश, राजन, दीपक सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।