🔳 बारिश के बाद पहाड़ी से गिरे मलबे ने हाईवे पर बढ़ाई फिसलन
🔳 किचड़ में दिनभर फंसते रहे वाहनों के चक्के
🔳 हाईवे पर दोनों ओर दिनभर लगी रही वाहनों की कतार
🔳 यात्रियों व पर्यटकों को करना पड़ा परेशानियों का सामना
🔳 जाम के झाम से परेशान कई यात्री व पर्यटक लौटे वापस
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे मलबे से हाईवे पर फिसलन व किचड़ से आवाजाही ठप हो गई। सुबह से शाम तक पर्यटकों व यात्रियों के वाहन कतार में खड़े रहे। अल्मोड़ा की ओर से वाहन रेंगते रेंगते बामुश्किल गंतव्य की ओर रवाना हुए पर हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रहे वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। कुछ यात्रियों ने वाहनों से उतरकर पैदल ही दूरी नापने में भलाई समझी।
बीते रोज हुई बारिश से क्लारब क्षेत्र में मुसीबत खड़ी हो गई। रात से ही आवाजाही प्रभावित होने से सुबह तक दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। एनएच प्रशासन ने लोडर मशीनों की मदद से मलबा हटाकर यातायात सुचारु करने का प्रयास किया पर लगातार किचड़ व फिसलन से वाहन फंसने शुरु हो गए। वाहनों के फंसने के कारण जाम से हालात बिगड़ते चले गए। दोपहर में कुछ देर यातायात सुचारु हुआ पर एक बार फिर वाहनों के फंसने से जाम लगता चला गया। हाईवे पर छोटे बड़े वाहनों की कतार लगी रही। जाम में फंसने से यात्रियों व पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग वाहनों से उतरकर पैदल ही गंतव्य की ओर रवाना हो गए। शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे लोगों ने हाईवे की बदहाली पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की लंबा समय बीतने व करोड़ों रुपये का बजट खर्च होने के बावजूद क्वारब क्षेत्र में समस्या जस की तस बनी हुई है। एनएच के अवर अभियंता जगदीश पपने, क्वारब चौकी प्रभारी मनोज सिंह अधिकारी, आनंद राणा, वालियंनटियर अंकित सुयाल, गोपाल सिंह आदि व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
जाम के झाम से परेशान कई यात्री व पर्यटक लौटे वापस
क्वारब की स्थिति से दिनभर यात्री परेशान रहे। हल्द्वानी निवासी रुची गंगोला अपने परिवार के सदस्यों के साथ हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर रवाना हुई। सुबह तकरीबन दस बजे क्वारब पहुंचने के बावजूद उनका वाहन शाम तीन बजे तक जाम में फंसना रहा। स्थिति में सुधार होता न देख आखिरकार उनको मायूस होकर वापस हल्द्वानी को लौटना पड़ा। ऐसे ही कई पर्यटकों व यात्रियों ने वापस लौटना ही मुनासिब समझा। लोगों ने व्यवस्था पर खासी नाराजगी भी जताई।
बाल बाल बची कार सवारों की जिंदगी
क्वारब में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। बुधवार को जाम की स्थिति सामने आने के बाद कई वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ने लगी तभी एकाएक हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रही पर्यटकों की कार हाईवे पर फिसलने लगी। वाहन के टायर फिसलने से हड़कंप मच गया। वाहन सवारों में भी चीख पुकार मच गई।आसपास मौजूद लोगों ने हो हल्ला कर चालक को वाहन रोकने को कहा पर वाहन फिसलकर पीछे की ओर जाने लगा। एकाएक वाहन हाईवे के एकदम किनारे जाकर रुक गया और बड़ी अनहोनी टल गई। वाहन के रुकने से बड़ा हादसा टल गया। वाहन सवार पर्यटकों ने भी राहत की सांस ली।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने खोला मोर्चा
महत्वपूर्ण हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में स्थित में सुधार न होने पर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने गहरा रोष जताया है। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया की करोड़ों रुपये का बजट खर्च होने तथा लंबा समय बीतने के बावजूद हालातों में सुधार नहीं हो रहा। जिला सचिव गोधन सिंह बर्गली, कुबेर सिंह जीना, मनीष तिवारी के अनुसार क्वारब की स्थिति से व्यवसाय भी चौपट होता जा रहा है। यहीं हालात रहे तो दुकानें बंद करने को मजबूर होना पड़ेगा। मनोज सिंह, सुनील मेहरा, कुलदीप सिंह खनायत, फिरोज अहमद आदि ने जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
