🔳 फाइनल मुकाबले में नथुआखान व्यापार मंडल को दी शिकस्त
🔳 विजेता व उपविजेता टीम को सौंपी गई चमचमाती ट्रॉफी
🔳 शानदार खेल के दम पर पारितोष बने मैन ऑफ द मैच
🔳 रामगढ़ ब्लॉक के हिमगिरि स्टेडियम मोना में खेली गई चैम्पियनशिप
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के मौना स्थित हिमगिरि स्टेडियम में स्व. गीता देवी मेमोरियल क्रिकेट चैम्पियनशिप का खिताब मौना क्रिकेट क्लब की टीम ने जीत लिया। खिताबी मुकाबले में मौना की टीम ने नथुआखान व्यापार मंडल को नौ विकेट से हटाकर शानदार जीत दर्ज की। विजेता व उपविजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी भेंट की गई। विजेता टीम के पारितोष को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मंगलवार को हिमगिरि स्टेडियम में मोना क्रिकेट क्लब व नथुआखान व्यापार मंडल के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। टाॅस जीतकर नथुआखान व्यापार मंडल की टीम ने पहले खेलते हुए 14.1ओवर में 137 रन बनाए।गौरव ने 30 गेंदों में 45 जबकि धीरु ने मात्र 13 गेंदों में शानदार 39 रन की पारी खेली। रितेश ने 9 गेंदों में 19 रन बनाए। मौना की टीम से चेतन व देवा ने 3-3 विकेट झटके, जबकि सौरव को 2 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मौना कमेटी के खिलाड़ियों ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 11.4 ओवर में 1 विकेट खोकर 141 रन बना लिए। पारितोष ने बेहतरीन 68 रन की नाबाद पारी खेली, वहीं सुजल ने 34 व दीपक ने 33 रन बनाकर टीम की जीत आसान बनाई।पारितोष को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख दीप आर्या ने विजेता व उपविजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी सौंपी। आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों खेलप्रेमी मैच का लुत्फ उठाने स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व सरपंच राकेश राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य मौना राजेन्द्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान चापड़-बैरोली निर्मला जीना, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्यूडा भीम बिष्ट, नीरज मेहरा आदि मौजूद रहे।
