🔳 डीपीआर तैयार कर शासन को भेजेगा विभाग
🔳 पूर्व में एक किमी का हुआ निर्माण पर गांव तक नहीं पहुंची सड़क
🔳 रंग लाई पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों की मेहनत
🔳 वर्ष 2004 में कश्मीर में शहीद हुए थे मेजर मनोज भंडारी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के कुलगाढ़ गांव निवासी शहीद मेजर मनोज भंडारी के गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने को कवायद तेज हो गई है। लोनिवि ने बकायदा सर्वे भी शुरु करा दिया है। मोटर मार्ग निर्माण से अब गांव के चालीस से अधिक परिवार लाभान्वित हो सकेंगे। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार सर्वे पूरा होने के बाद डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
वर्ष 2004 में सिमराड ग्राम पंचायत के कुलगाड़ गांव निवासी शहीद मनोज कुमार भंडारी कश्मीर में शहीद हो गए। सरकार ने शहीद के गांव को जोड़ने कै लिए सड़क निर्माण की घोषणा की पर महज एक किमी सड़क का निर्माण भी हो सका। शहीद के गांव तक सड़क न पहुंचने से नाराज गांव के लोग व शहीद के परिवार के सदस्य लगातार सड़क निर्माण की मांग उठाते रहे हैं पर सुनवाई नहीं हो सकी। बीते दिनों ग्राम प्रधान भारतेन्दु पाठक व शहीद के पुत्र राजेश तथा गांव के लोगों ने मामले को एक बार फिर जोर-शोर से उठाया। सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से भी गुहार लगाई गई। सांसद व विधायक ने भी ग्रामीणों की मांग पर पत्र लोनिवि के अधिशासी अभियंता को भेजा। अब बामुश्किल मोटर मार्ग निर्माण को पंख लगने की उम्मीद जग गई है। लोनिवि ने शहीद के गांव को जोड़ने के लिए सर्वे शुरु करा दिया है‌ सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद अब डीपीआर तैयार की जाएगी। बजट उपलब्ध होने के बाद सड़क निर्माण होगा। सड़क के लिए सर्वे शुरु होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह ने बताया की डीपीआर तैयार कर जल्द ही शासन को भेजी जाएगी जबकि शहीद द्वार निर्माण के लिए प्रस्ताव ग्रामीण विकास विभाग को भेजा जाएगा।