🔳 आए दिन खस्ताहाल हाईवे पर रपट रहे दो पहिया वाहन सवार
🔳 डामरीकरण के उखड़ने से आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद नहीं टूट रही अफसरों की नींद
🔳 जल्द हालातों में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना से छड़ा बाजार की ओर हाईवे पर आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो चुकी है। बावजूद एनएच विभाग अनदेखी पर आमादा है। आए दिन दो पहिया सवार हाईवे पर डामरीकरण उखड़ने से हो चुके गड्ढों पर रपटकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने एनएच विभाग की अनदेखी पर रोष जता लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।
कुमाऊं के प्रमुख राजमार्ग में शुमार अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना से छड़ा बाजार के बीच किए गए डामरीकरण के दम तोड़ जाने से जहां गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं वहीं बदहाल हाईवे आवाजाही करने वाले दोपहिया वाहन सवारों की जान पर भी आफत बन गया है। ठंड व रात के समय नियमों को ताक पर रख किया गया डामरीकरण जगह जगह उखड़ने से लोगों को जान जोखिम में डाल आवाजाही करना मजबूरी बन चुका है। आए दिन दोपहिया वाहन सवार रपटकर घायल होते जा रहे हैं पर सुध नहीं ली जा रही। भारी-भरकम सरकारी धनराशि से किए गए डामरीकरण के कुछ ही समय में दम तोड़ जाने से एनएच विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने आरोप लगाया है की सरकार जनहित को सुगम आवाजाही का लाभ दिलाने को भारी भरकम बजट उपलब्ध करा रही पर धरातल पर घटिया व गुणवत्ताविहीन कार्य कर जनहित से खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने भी एनएच विभाग पर जनहित से खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगाया है। क्षेत्रिय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, व्यापर मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, दीवान सिंह, मनोज सिंह बिष्ट, फिरोज अहमद, गोविंद नेगी आदि ने हाईवे की हालत में सुधार किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो फिर आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
