🔳 कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को बताई समस्या
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध न लेने पर जताई नाराजगी
🔳 जल्द व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी
🔳 मोटर मार्ग दुरुस्त करवाने तथा बस का संचालन किए जाने पर दिया जोर

[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर सडियापानी क्षेत्र में मोटर मार्ग की खस्ताहाल स्थित को दुरुस्त करने तथा गांव की एकमात्र बस को दोबारा संचालित किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा।सड़क की हालत सुधारने तथा बस सेवा संचालित किए जाने की मांग उठाई। आरोप लगाया की टैक्सी चालक अपने हितों को साधने के लिए मनमानी पर आमादा हो चुके हैं।
शुक्रवार को लोहाली व आसपास के गांवों के पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण हल्द्वानी स्थित डीएम कैंप कार्यालय पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को बताया कि हाईवे से फल तथा सब्जी उत्पादक गांवों को जोड़ने वाले लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। सडियापानी क्षेत्र में आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। गांव के लोग जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। वहीं कुछ टैक्सी संचालकों की मनमानी व विरोध के कारण हरिनगर, हरतोला, ताड़ीखेत, थुआ ब्लॉक समेत तमाम गांव के लोगों की आवाजाही के लिए संचालित केमू की बस सेवा भी बंद हो चुकी है जिससे गांव के लोग परेशान हैं। बस के संचालन से सैकड़ो परिवार लाभान्वित हो रहे थे पर बस सेवा के बंद होने से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने जिला अधिकारी से बस सेवा संचालन शुरु करने के साथ ही मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई। कहा की यदि अनदेखी की गई तो ग्रामीण आंदोलन को विवश हो जाएंगे। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्राम प्रधान निर्मला बिष्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि त्रिभुवन सिंह, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा, गौरव सिंह जलाल, रतन सिंह रावत, सुंदर लाल, हरीश चंद्र, कमलेश भट्ट, सुरेश रैक्वाल, पंकज बिष्ट, अनिल नेगी, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।