🔳 दिनभर दुरुस्त रही यातायात व्यवस्था, शाम को लड़खड़ाई
🔳 जल्द निकलने के फेर में चालकों ने आमने-सामने फंसाए वाहन
🔳 जाम की स्थिति से लगी वाहनों की कतार
🔳 लोगों ने जाम संभावित क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती पर दिया जोर
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने व कैंची क्षेत्र में श्रद्धालुओं के उमड़ने से जाम की स्थिति से निपटने को पुलिस की रणनीति को जल्दी निकलने के फेर में हाईवे पर वाहन फंसाने वाले वाहन चालक फेल कर दे रहे हैं। देर शाम दो वाहनों के आमने-सामने फंसने से एक बार जाम की स्थिति पैदा हो गई। गनीमत रही की आवाजाही करने वाले यात्रियों ने सूझबूझ का परिचय दे जाम खुलवाया।
शनिवार को हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को काफी हद तक जाम से राहत मिली। कैंची क्षेत्र में हाईवे किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन हटने से यातायात सुचारु रहा। दोपहर में जाम की स्थिति बनी पर डूयूटी में मुस्तैद पुलिस के जवानों ने समय रहते यातायात सुचारु करवा दिया। नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में मालवाहक वाहनों को रोके रखा गया। वाहनों का दबाव कम होने पर एक एक कर वाहनों को छोड़ा गया। शाम को जल्दबाजी के फेर में पाडली क्षेत्र में दो वाहनों के आमने-सामने फंसने से जाम की स्थिति पैदा हुई। जगह न होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम बढ़ता देख अन्य वाहनों में सवार यात्रियों ने दोनों वाहनों को आगे पीछे करवाकर यातायात सुचारु करवाया। जाम खुलने पर यात्रियों व पर्यटकों ने राहत की सांस ली। लोगों ने हाईवे पर जाम संभावित क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग उठाई है ताकि यातायात सुचारु रह सके।