🔳 उपखनिज निकासी कार्य से हटाए जाने पर जताया रोष
🔳 हल्सों, कोरण व नैनीचैक क्षेत्र के वाहन स्वामियों का चढ़ा पारा
🔳 मनमानी करने वालों पर कार्रवाई की उठाई मांग
🔳 अनदेखी पर आंदोलन की रणनीति तैयार करने की दी चेतावनी
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
बेतालघाट क्षेत्र में कोसी नदी पर संचालित उपखनिज पट्टो से उपखनिज निकासी कार्य में लगे हल्सों, कोरण व नैनीचैक क्षेत्र के वाहन को हटाए जाने पर वाहन स्वामियों का पारा चढ़ गया है। वाहन स्वामियों ने बेतालघाट थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंप मनमानी पर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा।
उपखनिज पट्टों से उपखनिज निकासी कार्य से समीपवर्ती हल्सों, नैनीचैक व कोरड गांव के वाहनों को हटाए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। वाहन स्वामियों ने थानाध्यक्ष बेतालघाट को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। थाने की चौखट तक पहुंचे वाहन स्वामियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया है कि वर्तमान में तल्ला व मल्ला बर्धो तथा बसगांव क्षेत्र में उपखनिज पट्टों का संचालन किया जा रहा है। उपखनिज निकासी कार्य में इन गांवों के वाहनों के साथ ही उनके गांव के वाहन भी लगे थे। कुछ दिन उपखनिज पट्टों पर डंपरों के संचालन के बाद एकाएक तल्ला व मल्ला बर्धो तथा बसगांव के मोटर मालिकों ने उनके वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी। जोर जबरदस्ती कर गांव के डंपरों को उपखनिज पट्टों पर चलने नहीं दिया जा रहा। वाहन स्वामियों ने डंपर स्वामियों की मनमानी पर रोष भी जताया। थानाध्यक्ष विजय नेगी से मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान जीवन सिंह मेहरा, लक्ष्मण सिंह जैडा, पंकज सिंह जैडा, देवेंद्र सिंह, अखिलेश कुमार, गिरधर सिंह, पंकज सिंह आदि वाहन स्वामी मौजूद रहे।
