🔳 महेंद्र महामंत्री व जीवन को संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी
🔳 शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं को संघर्ष का ऐलान
🔳 संगठन की मजबूती को भी मिलजुलकर किया जाएगा कार्य
🔳 पदाधिकारियों ने दी गांवों की उपेक्षा बर्दाश्त न करने की चेतावनी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
गांवों में लगातार बिगड़ रही शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था समेत अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष समिति का गठन कर लिया गया है। संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में व्याप्त समस्याओं के समाधान को विशेष रणनीति तैयार कर संघर्ष का ऐलान किया है साथ ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को मिलजुल कर कार्य करने की बात कही है।
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्थित विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। कई विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित है तो तमाम विद्यालयों में लंबे समय से महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त पड़े हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं का भी बुरा हाल है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में गांवों के लोग कई किलोमीटर की दूरी नापने को मजबूर हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई अन्य समस्याओं के समाधान को संघर्ष समिति का गठन किया गया है। समिति संयोजक मनीष ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी धनियाकोट निवासी कृपाल सिंह मेहरा को सौंपी है जबकि हरोली गांव निवासी महेंद्र सिंह मेहरा को महामंत्री तथा बचे सिंह को उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। संगठन की मजबूती के लिए जीवन सिंह को संगठन प्रभारी तथा केशर सिंह जलाल को सचिव की कमान सौंपी गई है। नवनियुक्त अध्यक्ष कृपाल सिंह मेहरा ने शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संघर्ष का ऐलान किया है। साफ कहा की सुविधाओं के अभाव में गांवों से लगातार पलायन हो रहा है। गांव लगातार खाली होते जा रहे हैं। दो टूक कहा की गांवों की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




