🔳 एनएच प्रशासन के लिखित आदेशों का भी नहीं दिख रहा असर
🔳 पहाड़ी पर खतरा टालने को किए जा रहे कार्यों से ही लगातार बढ़ रहा जोखिम
🔳 विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जताई चिंता
🔳 कभी भी बड़ी घटना सामने आने का जताया अंदेशा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर लोहारी की अतिसंवेदनशील पहाड़ी से खतरा टालने को किए जा रहे कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों व पर्यटकों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है पर सुध नहीं ली जा रही। एनएच प्रशासन के लिखित आदेशों के बावजूद कार्यदाई संस्था मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। लगातार खतरा बढ़ने से विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने चिंता व्यक्त कर कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा जताया है।
हाईवे पर जानलेवा लोहाली की पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। केंद्रीय सड़क व भूतल मंत्रालय ने पहाड़ी से खतरा टालने को 21 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी है। पहले चरण में कार्यदाई संस्था ने पहाड़ी पर भारी-भरकम पौकलेड मशीन चढ़ाकर कार्य शुरु कर दिया है पर पहाड़ी से हाईवे की ओर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर खतरा टालने को ध्यान न दिए जाने से जोखिम बढ़ गया है। हाईवे पर आवाजाही कर रहे यात्री व पर्यटक वाहन लगातार मंडरा रहे खतरे के बीच ही आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। लगातार मामला उठने के बाद एनएच प्रशासन ने बीते 27 नवंबर को बकायदा पत्र लिखकर कार्यदाई संस्था से हाईवे पर लगातार यातायात सुचारु रहने की दशा में सुरक्षा के विशेष उपाय करने को निर्देशित किया है पर महज चेतावनी बोर्ड लगाकर इतिश्री कर दी गई है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, कुबेर सिंह जीना, क्षेत्रिय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह, फिरोज अहमद, गोविंद सिंह, आंनद नेगी, कुलदीप सिंह आदि ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी व लगातार बढ़ रहे खतरे पर चिंता व्यक्त की है। आरोप लगाया की करीब दो सौ मीटर दायरे में खतरा मुंह उठाए खड़ा है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाने की मांग भी की है। एनएच के सहायक अभियंता प्रकाश रौतेला के अनुसार सुरक्षा उपाय किए जाने को निर्देशित कर दिया गया है। पत्र भी लिखा जा चुका है। अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




