🔳 एकसमान सब्सिडी उपलब्ध कराए जाने की मांग
🔳 किसी को अठारह तो किसी को तीन सौ रुपये तक मिल रही सब्सिडी
🔳 ग्रामीणों ने एक समान सब्सिडी का लाभ दिए जाने पर दिया जोर
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक में उज्जवला योजना से अलग अलग सब्सिडी मिलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। ग्रामीणों ने एकसमान सब्सिडी का लाभ दिए जाने की मांग उठाई हैं। बेतालघाट गैस गोदाम प्रबंधक के अनुसार योजना में राज्य व केंद्र सरकार से अलग-अलग सब्सिडी उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं को सब्सिडी मिल रही है।
उज्जवला योजना के तहत बीपीएल परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाता है साथ ही सब्सिडी उपलब्ध भी कराई जाती है। योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को लाभान्वित करने के साथ ही महिलाओं को उनके घरेलू कार्यों में सहयोग देकर सशक्त बनाना है। बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में भी तमाम परिवारों को योजना से लाभान्वित किया गया है पर योजना से सब्सिडी की धनराशि में में भारी अंतर होने से ग्रामीण परेशान हैं। रातीघाट निवासी किसन चंद्र के अनुसार किसी उपभोक्ता को महज अठारह रुपये सब्सिडी उपलब्ध हो रही है जबकि किसी को तीन सौ रुपये से भी अधिक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। सब्सिडी में अंतर से कई उपभोक्ताओं को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। घूना गांव की नंदी देवी, गीता देवी, गंगा देवी, पुष्पा देवी, राधा देवी, भगवती देवी आदि उपभोक्ताओं ने भी एक ही योजना में दो तरह की सब्सिडी पर गहरी नाराजगी जताई है। उपभोक्ताओं ने सभी को एक समान सब्सिडी का लाभ दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। चेताया है की यदि जल्द एकसमान सब्सिडी लागू नहीं की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। बेतालघाट गैस गोदाम के प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल के अनुसार केंद्र व राज्य सरकार से अलग अलग ही सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। वर्ष 2016 तक राज्य सरकार की योजना के जरिए ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया है उसके बाद केंद्र साहयतित योजना से ग्रामीणों को लाभ दिया गया है। राज्य सरकार से अठारह जबकि केंद्र से 318 रुपये सब्सिडी का प्रावधान है।




