🔳 जगह जगह लगा मलबे का ढेर अनदेखी की हकीकत कर रहा बयां
🔳 करोड़ों रुपये का बजट खर्च कर हाईवे को बनाया गया है टू लेन
🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए यात्री व पर्यटक
🔳 लगातार बढ़ता जा रहा दुर्घटनाओं का ग्राफ बावजूद अनदेखी
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर तीखे मोड़ों पर मलबा खतरे का सबब बनता जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। खैरना से काकड़ीघाट तथा क्वारब के बीच जगह जगह मलबे के ढेर से आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। महत्वपूर्ण हाईवे की अनदेखी से आवाजाही करने वाले परेशान हैं पर जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। यह हालत तब है जब हाईवे के रखरखाव की जिम्मेदारी अभी भी हाईवे चौड़ीकरण करने वाली कार्यदाई संस्था के जिम्मे है।
पहले चरण में खैरना से काकड़ीघाट तथा दूसरे चरण में काकड़ीघाट से क्वारब तक महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे को करोड़ों रुपयों का बजट खर्च कर टू लेन बनाया जा चुका है। टूलेन बन जाने से आवाजाही करने वाले यात्रियों व पर्यटकों को सुगम आवाजाही का लाभ मिलने की उम्मीद थी पर हाईवे के हालात व जिम्मेदारों की अनदेखी से यात्री व पर्यटक जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षा के ठोस उपाय न होने से दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों ही रातीघाट क्षेत्र में हुई दुर्घटना में तीन शिक्षकों की मौत भी हो चुकी है बावजूद अब तक सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किए जा सकें है। हाईवे पर जगह जगह तीखे मोड़ों पर पहाड़ी से गिरे मलबे का ढेर दुर्घटना का जोखिम लगातार बढ़ा रहा है पर सुध नहीं ली जा रही। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष मनोज सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, कुबेर सिंह जीना, मनीष तिवारी के अनुसार महत्वपूर्ण हाईवे पर आवाजाही खतरनाक हो चुकी है पर एनएच प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा जिसका खामियाजा आवाजाही करने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। गंगरकोट क्षेत्र में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने हालातों में सुधार किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द स्थित में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी। एनएच के सहायक अभियंता प्रकाश रौतेला के अनुसार हाईवे की मेंटीनेंस की जिम्मेदारी अभी हाईवे चौड़ीकरण करने वाली कार्यदाई संस्था के जिम्मे है। मलबा हटाने व अन्य स्थानों में सुधार के लिए कंपनी को निर्देशित कर दिया गया है।




