🔳 बेतरतीब खनन से प्राकृतिक जल स्रोत को भी नुकसान का जताया अंदेशा
🔳 बिल्डरों को खनन सामग्री पहुंचाए जाने का आरोप
🔳 मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग
🔳 बेतालघाट ब्लॉक के जजूला क्षेत्र से जुड़ा है मामला
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के जजूला क्षेत्र में बरसाती गधेरे व मोटर मार्ग के आसपास खदान से लगातार बढ़ रहे खतरे का मामला मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल तक पहुंच गया है। धनियाकोट निवासी आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा ने मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर दर्ज करा कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर भी अवैध खनन की सूचना दी है।
सिल्टोना – ब्यासी – सिमराड़ मोटर मार्ग पर जजूला क्षेत्र में स्थित बरसाती गधेरे में खनन तस्करों के सक्रियता बढ़ाने व बेतरतीब ढंग से खदान कर पत्थर व उपखनिज बिल्डरों को उपलब्ध करा सरकार को धड़ल्ले से राजस्व की चपत लगाई जा रही है। यह सिलसिला लंबे समय से चला आ रहा है। बेतरतीब खदान से बरसाती गधेरे का स्वरुप ही बिगड़ गया है। धनियाकोट निवासी आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा ने बड़े पैमाने पर हो रहे खदान पर चिंता व्यक्त कर भविष्य में तल्लाकोट, मल्लाकोट व धनियाकोट क्षेत्र के वर्षों पुराने प्राकृतिक जल स्रोत के प्रभावित होने का अंदेशा जताया है‌। आरटीआई कार्यकर्ता ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल तथा पुलिस हेल्पलाइन पर दर्ज करा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया की बरसाती नाले के साथ ही मोटर मार्ग पर भी खदान कर बड़े ख़तरे को बढ़ावा दिया जा रहा है बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह ने अवैध खदान पर सख्ती से अंकुश लगा प्राकृतिक जल स्रोत को बचाने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!