🔳 पंचायत भवनों की बदहाली का भुगतान पड़ा खामियाजा
🔳 बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में खुली विकास की पोल
🔳 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
🔳 एसडीएम बोली – व्यवस्था में सुधार के लिए जाएंगे निर्देश
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

गांवो की सरकार भले ही अस्तित्व में आ गई हो पर सुविधाओं की कमी से नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों को अब भी जूझना पड़ेगा। सुविधाओं का अकाल होने से पहले ही दिन गांव की सरकार को खुले आसमान के नीचे विकास की रुपरेखा तैयार करने को मजबूर होना पड़ा। रामगढ़ व बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में ग्राम पंचायत की खुली बैठक पंचायत भवनों के खस्ताहाल पड़े होने से खुले आसमान के नीचे आयोजित की गई।
गांव में विकास के तमाम दावे किए जाए पर धरातल की हकीकत गांव में विकास की पोल खोल रही है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अस्तित्व में गांव की सरकार को पहले दिन ही बदइंतजामी का खामियाजा भुगतना पड़ा। विभागीय अनदेखी से लंबे समय से बदहाल पड़े पंचायत भवनों की दुर्दशा के चलते बुधवार को गांवों में होने वाली खुली बैठक खुले आसमान के नीचे हुई। बेतालघाट ब्लॉक के तल्ली सेठी गांव में ग्राम प्रधान प्रताप कुमार को पंचायत भवन के खंडहर में तब्दील होने से एएनएम सेंटर की छत पर ग्राम पंचायत की पहली बैठक करने को मजबूत होना पड़ा वहीं रामगढ़ ब्लॉक के सिमराड़ गांव के ग्रामीण व पंचायत प्रतिनिधियों ने बंद पड़े राजकीय प्राथमिक विद्यालय के परिसर में खुले आसमान के नीचे गांव के विकास की रुपरेखा तैयार की। हरतपा गांव में ग्राम प्रधान के आवासीय भवन के बाहर बैठक की गई। ऐसे ही तमाम गांव में पंचायत प्रतिनिधि ग्राम पंचायत की पहली बैठक को खुले आसमान के नीचे करने को मजबूर हुए। गांव में लंबे समय से बदहाल पड़े पंचायत भवनों की सुध न लिए जाने से पंचायत भवन बद से बद्तर हालत में पहुंच चुके हैं। कई गांव में पंचायत भवन खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। बावजूद आज तक पंचायत भवनों की ओर विभागीय अधिकारियों की देखने तक की जहमत नहीं उठाई जिस कारण पंचायत प्रतिनिधियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम प्रधान सिमराड भारतेंदु पाठक व तल्ली सेठी प्रधान प्रताप कुमार व तमाम ग्राम प्रधानों ने गांव में पंचायत भवनों की हालत में सुधार किए जाने तथा पंचायत भवन विहीन गांवो में नए पंचायत भवनों के निर्माण की मांग उठाई है। श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के अनुसार पंचायती राज विभाग को गांव में पंचायत भवनों के निर्माण के निर्देश दिए जाएंगे। जब तक नए पंचायत भवनों का निर्माण नहीं होता तब तक बैठकें उचित स्थान पर करने के लिए कहा जाएगा।

error: Content is protected !!