🔳 विद्यालय में गहराती दरारों पर एसडीएम ने दिए निर्देश
🔳 व्यवस्थाओं का जायजा लेने को एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण
🔳 बायोमैट्रिक उपस्थिति लगाने के दिए आदेश
🔳 सर्दियों के मद्देनजर विद्यार्थियों को कराए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने बॉयज व गर्ल्स हॉस्टल, कक्षा कक्ष, मैस समेत कई अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। जगह जगह दरारें उभरने व धंसाव से दोबारा भूगर्भीय सर्वे, कार्यालय में बायोमैट्रिक उपस्थिति तथा विद्यार्थियों को सर्दियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बुधवार को उपजिलाधिकारी मोनिका ने जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई खामियां सामने आई। खिड़कियों के शीशे टूटे मिले। कई जगह टाइल्स क्षतिग्रस्त मिली। बच्चों को गर्म पानी उपलब्ध कराने को विद्यालय में लगी गीजर की स्थिति देखी गई। विद्यालय प्रबंधन ने उपजिलाधिकारी को पानी की उपलब्धता की समस्या व गुणवत्ता के संबंध में जानकारी दी। एसडीएम ने समस्या के तत्काल समाधान का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में जगह जगह गहराई दरारों को देख एसडीएम ने दोबारा भूगर्भीय सर्वे कराने को कहा। विद्यालय प्रबंधन से सर्दियों में विद्यार्थियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गर्म पानी उपलब्ध कराने के साथ ही गर्म कपड़ों की उपलब्धता को निर्देशित किया। साफ कहा की कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षकों व कार्यालय स्टाफ की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कार्यालय में बायोमैट्रिक उपस्थिति की प्रक्रिया शुरु करने को निर्देशित किया। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य दीपा जोशी ने एसडीएम को विद्यालय से संबंधित कई जानकारियां दी।

error: Content is protected !!