🔳 खैरना बाजार में बेतरतीब ढंग से पार्क वाहन बन रहे जाम का कारण
🔳 जाम से बाजार में वाहनों की लग जा रही कतार
🔳 स्कूली बच्चों व राहगीरों को भी करना पड़ रहा परेशानी का सामना
🔳 आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक भी हो रहे परेशान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
शादियों का सीजन शुरु होने के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जाम की शुरुआत भी हो गई है। खैरना बाजार क्षेत्र में वाहनों के बेतरतीब ढंग से पार्क होने से बाजार में वाहनों की कतार लग जा रही है। सुबह से शाम तक कई बार लगने वाले जाम से आवाजाही करने वाले परेशान हैं वहीं वाहनों की कतार से स्कूली बच्चों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर विकेंड पर जाम की समस्या सामने आने के बाद अब शादी बारातों के वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होने से रोजाना ही जाम की समस्या पैदा होने लगी है। वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होने तथा बाजार क्षेत्रों में बेतरतीब ढंग से पार्क किए गए वाहन जाम का प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। हाईवे पर खैरना चौराहे के आसपास लगने वाले जाम से स्थानीय लोग परेशान है। जाम के कारण चौराहे से निकलना मुसीबत बनती जा रही है। स्कूलों में छुट्टी के समय जाम लगने से आवाजाही करने वाले बच्चों की जिंदगी पर भी जाम से संकट बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जाम की समस्या से निजात दिलाने की पुरजोर मांग उठाई है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गोविंद सिंह नेगी आदि ने बाजार क्षेत्र में जहां तहां गलत ढंग से वाहनों को पार्क करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। अंदेशा जताया की यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बाजार में कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। चौकी प्रभारी खैरना हर्ष बहादुर पाल के अनुसार बाजार क्षेत्र में गलत ढंग से वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे इसके लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।




