🔳 पेयजल संकट गहराने से सुनियाकोट गांव के लोग परेशान
🔳 कड़ाके की ठंड में दूर दराज प्राकृतिक जल स्रोत से ढो रहे पानी
🔳 लगातार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध न लिए जाने का आरोप
🔳 ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों संग हाईवे पर धरने का किया ऐलान
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे सुनियाकोट गांव में पेयजल संकट गहराने से करीब पचास से अधिक परिवारों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड में भी ग्रामीण दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से सिर पर पानी के बर्तन ढोने को मजबूर हो चुके हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
सुनियाकोट व आसपास के गांवों को देवलीखान पंपिंग पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है पर पिछले पंद्रह दिनों से भी अधिक समय से गांव के लोगों को पानी की बूंद तक नसीब नहीं हुई है। पेयजल संकट गहराने से गांव में पीने के पानी को हाहाकार मचा हुआ है। सुबह शाम पड़ रही कड़ाके की ठंड में भी महिलाएं व छोटे छोटे बच्चे दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हो। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कई बार कहने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही जिसका खामियाजा गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। गांव में वैवाहिक कार्यक्रमों में वाहनों के जरिए गांव तक पानी पहुंचाना मजबूरी बनती जा रही है। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह परिहार के अनुसार विभाग गांव की उपेक्षा पर आमादा हो चुका है। गांव के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे पर विभागीय अधिकारियों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। ग्राम प्रधान ने जिम्मेदारों की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर धरना दिया जाएगा। जल निगम के अवर अभियंता पंकज जीना के अनुसार तकनीकी कार्य होने से दिक्कत हुई थी। जल्द ही समुचित पेयजल आपूर्ति की जाएगी।




