🔳 सीएचसी गरमपानी में बाल रोग विशेषज्ञ न होने का खामियाजा भुगत रहे स्वजन
🔳 स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने से गर्भवती महिलाएं भी परेशान
🔳 सप्ताह में एक दिन संचालित हो रही अल्ट्रासाउंड सेवा
🔳 विशेषज्ञों की तैनाती न होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा बेतालघाट, रामगढ़ तथा ताड़ीखेत ब्लॉक के सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में मासूमों के उपचार को एक अदद बाल रोग विशेषज्ञ न होने से स्वजनों को बच्चों के इलाज को 60 किमी की दूरी नापना मजबूरी बन चुकी है। गर्भवती महिलाओं के उपचार को स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती न होने से तमाम परेशानियां सामने आ रही है। कई बार आवाज उठने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। अल्ट्रासाउंड सेवा भी व्यवस्था के भरोसे संचालित होने से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने सीधा आरोप लगाया है की जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। सीएचसी के हाईवे पर होने से दुर्घटना के घायलों को भी अस्पताल पहुंचाया जाता है पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध न होने से घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया जाता है।
पैरामेडिकल स्टाफ पूरा, विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत नौ चिकित्सकों तथा समुचित पैरामेडिकल स्टाफ व लैब टैक्नीशियन की तैनाती का प्रावधान है पर सीएचसी गरमपानी में वर्तमान में चार चिकित्सक मेडिकल डिग्री के लिए बाहर है। हड्डी रोग के साथ एक फीजिशियन विशेषज्ञ के नाम पर तैनात हैं। तीन अन्य चिकित्सक सेवा दे रहे हैं। पैरामेडिकल स्टाफ में सभी पदों पर स्वास्थ्य कर्मी तैनात है। अस्पताल में पैथोलॉजी की सुविधा के साथ ही आपातकालीन सेवा के दो वाहन उपलब्ध है।
हफ्ते में एक दिन होता है अल्ट्रासाउंड
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती व होने से ग्रामीणों को हल्द्वानी, रुद्रपुर, दिल्ली आदि शहरों को रुख करना पड़ता है। अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ भी महज सप्ताह में एक ही दिन मिल पाता है। ऐसे में मरीजों को अल्ट्रासाउंड सेवा के लिए भी दूर दराज जाना मजबूरी बन चुका है। ऐसे में मरीजों को निजी चिकित्सालय के भरोसे रहने से अतिरिक्त किराया व मंहगी फीस का भुगतान भी करना पड़ता है।
रोजाना अस्सी से सौ मरीज पहुंचते हैं अस्पताल
तमाम गांवों के मध्य में स्थित होने से रोजाना तमाम गांवों से मरीज उपचार को सीएचसी पहुंचते हैं। अस्पताल में रोजाना अस्सी से सौ ओपीडी दर्ज होती है जबकि प्रतिमाह बीस डिलीवरी भी अस्पताल में होती है।सप्ताह में दो या तीन लोगों को ही रेफर किया जाता है। प्रयास करते हैं की सभी को अस्पताल में ही समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके।
पिछले तीन वर्षों में साढ़े सात लाख रुपये की मिली सरकारी मदद
वर्ष 1974 के आसपास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रुप में अस्तित्व में आने के बाद वर्ष 2005 में उच्चीकृत होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बने गरमपानी अस्पताल को पिछले तीन वर्षों में सरकारी मदद के नाम साढ़े सात लाख रुपये का बजट उपलब्ध हुआ। बजट को आपातकालीन दवाईयां, पैथोलॉजी संबंधित सामग्री की खरीद, इंजेक्शन तथा बिजली पानी समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में खर्च किया गया है।
पार्किंग का अभाव भी बड़ी समस्या
सीएचसी गरमपानी में पार्किंग सुविधा उपलब्ध न होने से मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हाईवे से अस्पताल को जोड़ने वाले मार्ग पर जगह जगह वाहन खड़े होने से कई बार मरीजों को लेकर आने वाले वाहन आधे रास्ते में ही फंस जाते हैं। पार्किंग निर्माण की मांग भी उठ चुकी है पर सुनवाई नहीं हो रही। स्थानीय लोगों ने खैरना पुलिस चौकी के आसपास खाली पड़ी सरकारी भूमि पर अस्पताल निर्माण की मांग उठाई है।
बोले लोग
सीएचसी में स्त्री तथा बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती न होने से मरीज परेशान रहते हैं। खासकर गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा में दूर दराज जाना पड़ता है। अल्ट्रासाउंड सेवा भी सप्ताह में एक दिन उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग गांवों की उपेक्षा पर आमादा हो चुका है।
राधा गोस्वामी, अध्यक्ष, व्यापार मंडल, महिला मोर्चा
अल्ट्रासाउंड सेवा अतिआवश्यक सेवा है। सूदूर गांवों से गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाउंड को अस्पताल पहुंचती है पर यहां आकर पता चलता है की सप्ताह में एक दिन सेवा उपलब्ध होती है। सेवा का लाभ रोजाना उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
ज्योति आर्या, खैरना
सीएचसी गरमपानी महत्वपूर्ण अस्पताल है पर बेहतर सेवाएं व विशेषज्ञ चिकित्सकों के न होने से लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही। लंबे समय से स्त्री व बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग उठाई जा रही है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। अब एकमात्र सहारा आंदोलन ही बचा है।
विरेन्द्र बिष्ट, उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति
बोले चिकित्साधिकारी
विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। कायाकल्प योजना के तहत पिछले कई वर्षों से अस्पताल पुरुस्कृत भी हो रहा है। हर संभव प्रयास किया जाता है की बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए।
डा. सतीश पंत, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी गरमपानी




