🔳 राजस्व उपनिरीक्षक ने दोनों के खिलाफ की चालानी कार्रवाई
🔳 रास्ते से अतिक्रमण हटाने को जल्द चलेगा अभियान
🔳 मामले के खुलासे से क्षेत्र में मचा हड़कंप
🔳 क्षेत्र की सिंचाई नहर भी अतिक्रमण से जमींदोज
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से डोबा गांव को जोड़ने वाले रास्ते पर अतिक्रमण करने वाले दो अतिक्रमणकारियों को श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने रडार पर ले लिया है। अतिक्रमणकारियों पर चालानी कार्रवाई की गई है। राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील के अनुसार जल्द ही रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा।
गरमपानी क्षेत्र से डोबा समेत आसपास के तमाम गांवों को आवाजाही के लिए वर्षों पुराने पैदल रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत पर श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। ग्राम प्रधान डोबा हरेन्द्र सिंह व ग्रामीणों की शिकायत के बाद हरकत में आए प्रशासन ने बीते सोमवार को मौके पर पहुंच स्थलीय निरीक्षण किया। नक्शे के माध्यम से जांच शुरु की। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों को भी मौके पर बुलवाया गया। जांच के दौरान पैदल रास्ते में दो अतिक्रमणकारियों के अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं क्षेत्र की सिंचाई नहर को भी जमींदोज किए जाने का खुलासा हुआ। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने तथा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। प्रशासन की जांच में गांव के महत्वपूर्ण रास्ते पर अतिक्रमण की पुष्टि होने पर मंगलवार को राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील ने दो अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। बताया की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भी भेज दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




