🔳 हाईवे पर लोनिवि के खिलाफ नारेबाजी कर निकाला गुबार
🔳 अफसरों पर लगाया लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ का आरोप
🔳 आवाजाही खतरनाक होने के बावजूद सुध न लेने पर जताई नाराजगी
🔳 25 नवंबर तक हालत में सुधार न होने पर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के सब्जी तथा फल उत्पादक गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर आवाजाही खतरनाक होने से ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर नारेबाजी कर गुबार निकाला। 25 नवंबर तक मोटर मार्ग की हालत में सुधार न किए जाने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरु करने का ऐलान किया।
रविवार को लोहाली, चमड़ियां, आटावृता, आटाखास, धारी, उल्गौर, ताड़ीखेत समेत आसपास के तमाम गांवों के ग्रामीण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर एकत्रित हुए। व्यापारी नेता ललित दानी की अगुवाई में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। आरोप लगाया की लंबे समय से तमाम गांवों को जोड़ने वाला लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग खस्ताहाल पड़ा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। बीते दिनों मोटर मार्ग को दुरुस्त करने के नाम पर लोडर मशीन से किए गए कार्य से आवाजाही और ज्यादा खतरनाक हो गई है। कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है पर जिम्मेदार अफसर अनदेखी पर आमादा हो चुके हैं। मोटर मार्ग की बदहाली के कारण गांव तक गैस वाहन तक नहीं पहुंच पा रहा जिस कारण गांवों के लोग परेशान है। किसानों को भी उपज को हाईवे तक पहुंचाने में तमाम दिक्कतों का सामना करने को मजबूर हैं। आरोप लगाया की महज बजट को ठिकाने लगाया जा रहा है पर सुरक्षित आवाजाही को ठोस उपाय नहीं किए जा रहे। गांव के लोगों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से तय किया की यदि 25 नवंबर तक मोटर मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। इस दौरान तारा सिंह, पान सिंह, दीपक कुमार, तारा सिंह, सुरेश सिंह, धाम सिंह, कैलाश अधिकारी, यशपाल, नरेंद्र सिंह, पानी सिंह, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, नीरज, राम सिंह, कैलाश अधिकारी, सुरेन्द्र सिंह, समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।