🔳 सांतवे दिन भी जारी रहा ग्रामीणों का क्रमिक अनशन
🔳 बयेडी पंपिंग पेयजल योजना निर्माण को लेकर आंदोलनरत हैं ग्रामीण
🔳 विभागीय अनदेखी पर जताई गहरी नाराजगी
🔳 धरातल पर काम के उलट उद्घाटन पर जताया रोष
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बयेडी पंपिंग पेयजल योजना निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण सातवें दिन भी क्रमिक अनशन पर डटे रहे। खेलकूद व पढ़ाई छोड़कर नौनिहालों ने भी क्रमिक अनशन पर बैठकर आंदोलनकारियों का उत्साहवर्धन किया। ग्रामीणों ने विभागीय उपेक्षा पर नाराजगी जताई। योजना का निर्माण न होने के उलट महज उद्घाटन किए जाने पर सवाल उठाए। दो टूक चेताया की अब उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह भुजान – बर्धो मोटर मार्ग के समीप कोसी नदी क्षेत्र में बयेडी पंपिंग पेयजल योजना के इनफील्ट्रेशन वेल के खुदाई कार्य का विधायक डा. प्रमोद नैनवाल के भूमि पूजन किए जाने के बावजूद बयेडी गांव के ग्रामीण आंदोलन समाप्त करने के मूड में नहीं दिख रहे। रविवार को ग्रामीणों का आंदोलन सातवें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलनकारियों ने लंबा समय बीतने के बावजूद योजना का निर्माण न होने पर रोष जताया। आरोप लगाया की विभागीय अधिकारी गांवों की उपेक्षा पर आमादा हो चुके हैं। तीन बार उद्घाटन किए जा चुके हैं पर योजना आज तक धरातल पर नहीं उतर सकी। आंदोलनकारियों ने आर-पार का ऐलान किया। आंदोलन के सातवें दिन गांव के नौनिहाल भी धरने पर बैठे। बच्चों को धरने पर बैठा देख गांव की महिलाओं ने कहा की जल्द मांगे नहीं मानी गई तो पूरा गांव ही धरने पर बैठने को विवश हो जाएगा। इस दौरान ग्राम प्रधान दीप चंद्र, ललित चंद्र, कैलाश चंद्र पांडे, हंसा दत्त, मुकेश, रचित, तनुज, योगेश पांडे, नीरज पांडे, उमेश चंद्र, खीम राम, नंद राम, सोनू फर्त्याल, संजय, नीमा देवी, पुष्पा देवी, भगवती देवी, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहे।




