🔳 कई बार उठ चुकी संचालन की मांग बावजूद नहीं ली जा रही सुध
🔳 सांसद तक संचालन शुरु करने को कर चुके हैं पत्राचार
🔳 क्षेत्रवासियों ने केएमवीएन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
🔳 नौनिहालों के हितों से खिलवाड़ कर खेल मैदान पर किया गया निर्माण
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित कैफे व पार्किंग संचालित न होने पर क्षेत्रवासियों का पारा चढ़ गया है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भारी भरकम सरकारी धनराशि खर्च होने के बावजूद कैफे व पार्किंग का संचालन शुरु न होने पर कुमाऊं मंडल विकास निगम के अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। साफ कहा की यदि संचालित नहीं किया जाना है तो इसे दोबारा खेल मैदान बनाया जाए।
गरमपानी क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से पार्किंग व कैफे बनकर तैयार हो चुका है। डीएम वंदना सिंह के निर्देश पर टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संचालन का जिम्मा भी एक ठेकेदार को सौंपा जा चुका है पर लंबा समय बीतने के बाद भी अब तक संचालन शुरु नहीं हो सका। बीते दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट के खैरना पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले को जोर-शोर से उठाया तथा कैफे व पार्किंग का संचालन शुरु करवाए जाने की मांग उठाई। मामले का संज्ञान ले पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद ने केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनित तोमर को पत्र भेज भी भेजा तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्र में जाम की समस्या खत्म करने को पार्किंग का निर्माण किए जाने के बावजूद संचालन न होने पर नाराजगी जताई। प्रबंध निदेशक से तत्काल संचालन शुरु करवाने तथा समीप ही बनने वाले पैट्रोल पंप की स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए बावजूद आज तक कैफे व पार्किंग बंद हालत में है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम पिनारी ने आरोप लगाया की सरकारी बजट की बर्बादी कर दी गई है। क्षेत्र के एकमात्र खेल मैदान पर पार्किंग व कैफे का निर्माण कर नौनिहालों के हितों से खिलवाड़ किया गया पर आज तक संचालन भी नही किया जा सका है। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, मनोज नैनवाल, कैलाश नैनवाल, देवेश कांडपाल, संजय सिंह बिष्ट, मनोज सिंह, कुलदीप सिंह, सुनील मेहरा, कुंदन सिंह आदि ने संचालन न किए जाने पर पार्किंग व कैफे की जगह दोबारा खेल मैदान का निर्माण किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




