🔳 नैनीताल, रामनगर व रानीखेत से दौड़े अधिकारी
🔳 तीन घंटे चली वार्ता में अधिकारियों ने दिलाया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
🔳 धरातल पर कार्य शुरु करने की बात पर अड़े रहे आंदोलनकारी
🔳 आंदोलन समाप्त करने की बात ठुकराई, आमरण अनशन की चेतावनी
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
पेयजल संकट व विभागीय उपेक्षा से आहत ग्रामीणों के क्रमिक अनशन से अफसरों में हड़कंप मच गया है। नैनीताल, रामनगर व रानीखेत से अफसरों की टीम ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आंदोलनकारियों ने दो टूक कहा की जब तक धरातल पर काम शुरु नहीं होगा आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने समस्याओं का समाधान न होने पर आमरण अनशन का ऐलान भी कर दिया है।
गुरुवार को जल संस्थान नैनीताल, जल निगम रामनगर व जल निगम रानीखेत के अधिकारी बयेडी गांव में पिछले चार दिनों से आंदोलनरत ग्रामीणों से वार्ता को पहुंचे। लंबा समय बीतने के बावजूद बयेडी पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण न होने तथा रिची थापर पंपिग पेयजल योजना से समुचित पेयजल आपूर्ति न होने से नाराज ग्रामीणों को जल्द समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। संघर्ष समिति अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे ने आरोप लगाया की लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं। गांवो की उपेक्षा की जा रही है। विभागीय अनदेखी का खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान दीप चंद्र ने कहा की कड़ाके की ठंड में भी गांवों के लोग क्रमिक अनशन पर डटे हुए हैं। चेताया की यदि जल्द धरातल पर काम शुरु नहीं हुआ तो आमरण अनशन शुरु किया जाएगा। जल निगम रामनगर की अधिशासी अभियंता पल्लवी चौधरी के निर्देश पर पहुंचे सहायक अभियंता आरएस पंवार व अवर अभियंता शुभ पांडे ने जल पेयजल टेंक निर्माण की बात कही। जल निगम रानीखेत के अधिशासी अभियंता हिमांशु वर्मा ने भी जल्द भुजान स्थित कोसी नदी में पंपिंग योजना के निर्माण का आश्वासन दिलाया। जल संस्थान नैनीताल के सहायक अभियंता दिलिप बिष्ट ने भी आंदोलनकारियों से आंदोलन समाप्त करने की बात कही। क्रमिक अनशन पर डटे आंदोलनकारियों ने धरातल पर कार्य होने के बाद ही पीछे हटने की बात कही। करीब तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद अफसरों ने वापसी की राह पकड़ी। चौथे दिन आठ ग्रामीण क्रमिक अनशन पर बैठे। आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान प्रदीप पांडे, ललित कुमार, भुवन चंद्र, पनी राम, संजय पांडे, सुनील मेहरा, भुवन सिंह फर्त्याल, कमल सिंह, दिनेश कुमार, हीरा राम, चंदन सिंह करायत, सागर पांडे आदि मौजूद रहे।




