🔳 निर्माण कार्यों में जुटे श्रमिकों ने नदी को बनाया कपड़े धोने का अड्डा
🔳 पूर्व में नदी में छोड़ा जा चुका है होटलों का गंदा पानी
🔳 नदी को दूषित किए जाने से विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जताई नाराजगी
🔳 एसडीएम ने नदी को दूषित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का किया दावा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

होटलों की गंदगी से प्रदूषित होकर कराह रही पवित्र शिप्रा नदी पर अब कैंची क्षेत्र में श्रमिक कपड़े धोने के साथ ही नहाकर नदी को अपवित्र करने में जुटे हुए हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। श्रमिकों के सुप्रसिद्ध नीम करौरी आश्रम के नजदीक नदी में कपड़े धोए जाने के बाद भी जिम्मेदारों की चुप्पी से गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भवाली से कैंची क्षेत्र होकर गरमपानी खैरना पहुंचने वाली पवित्र शिप्रा नदी अब श्रमिकों के निशाने पर आ गई है। कैंची क्षेत्र में निर्माण कार्यों में जुटे मजदूर सुप्रसिद्व नीम करौरी आश्रम के समीप ही पवित्र नदी में गंदे कपड़े धोने उतर रहे हैं। पूर्व जिलाधिकारी रही वंदना सिंह ने नदी को प्रदूषित होने से बचाने को नदी में प्रवेश तक सख्ती से प्रतिबंधित किया। जिलाधिकारी की सख्ती का असर भी दिखा पर अब एक बार फिर नदी से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। पवित्र नदी में कपड़े धोए व नहाने से गरमपानी खैरना क्षेत्र के लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट के अनुसार नदी से कई पेयजल व सिंचाई योजनाएं संचालित है। पवित्र नदी के जल से आचमन भी किया जाता है साथ हि कई धार्मिक अनुष्ठान भी होते हैं पर नदी को लगातार दूषित कर आस्था से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह नेगी, कुलदीप सिंह खनायत, सुनील मेहरा, मनोज सिंह बिष्ट, संजय सिंह, दीवान सिंह, आंनद सिंह आदि ने नदी को दूषित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार नदी को प्रदूषित करने वालों को चिह्नित कर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!