🔳 लंबे समय से मोटर मार्ग के बंद रहने से खामियाजा भुगत रहे थे ग्रामीण
🔳 बुजुर्ग को डोली के सहारे पहुंचाया गया था अस्पताल
🔳 तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था समाचार
🔳 मोटर मार्ग पर आवाजाही शुरु होने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे ज्याडी गांव को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के बदहाल होने व गांव के बुजुर्ग को डोली के सहारे दो किमी की पैदल दूरी तय कर हाईवे तक पहुंचाए जाने का मुद्दा तीखी नजर समाचार पोर्टल में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद पूर्व विधायक व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने खुद के खर्चे से लोडर मशीन भेज बंद पड़ी सड़क को खुलवा दिया। सड़क पर आवाजाही सुचारु होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने पूर्व विधायक का आभार व्यक्त किया है।
बीते दिनों हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक निवासी बुजुर्ग मथुरा दत्त नैनवाल का स्वास्थ्य एकाएक बिगड़ने पर स्वजनों व ग्रामीणों ने सड़क के बदहाल पड़े होने की स्थिति में उन्हें डोली की मदद से दो किमी पैदल दूरी नाप अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तक पहुंचाया जहां से उन्हें वाहन की मदद से सीएचसी गरमपानी ले जाया जा सका। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली पर गहरा रोष जताया। तीखी नजर समाचार पोर्टल ने बीते चौदह अक्टूबर के अंक में मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया। मामले के जोर शोर से उठने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल सिंह बिष्ट ने पूर्व विधायक व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की गुहार लगाई। मामला संज्ञान में आने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने मंगलवार को खुद के खर्चे से गांव में लोडर मशीन भिजवाई। क्षेत्र पंचायत सदस्य की निगरानी में जगह जगह मलबा हटाकर मोटर मार्ग आवाजाही के लिए खुलवा दिया गया। मोटर मार्ग पर आवाजाही शुरु होने पर ग्रामीणों ने पूर्व विधायक करन माहरा व जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित करने पर तीखी नजर समाचार पोर्टल का भी आभार व्यक्त किया। कहा की सड़क को खोले जाने से अब मोटर मार्ग का लाभ मिल सकेगा। इस दौरान पूर्व बीडीसी अभिषेक बिष्ट, शंकर नैनवाल, भूपाल सिंह नेगी, चंद्र प्रकाश, जसवंत सिंह, राम दत्त, महेश नैनवाल, दीप चंद्र नैनवाल आदि मौजूद रहे।




